अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भारत का नाम रोशन करने वाली गांव बिठमड़ा की खिलाड़ी रचना शेखावत को हाईकोर्ट द्वारा ग्रुप सी में आगामी दो महीने में नौकरी देने के आदेश प्रदेश सरकार को दिए गए हैं।
यह जानकारी खिलाड़ी रचना शेखावत के अधिवक्ता आफताब खारा ने दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में आस्ट्रेलिया में आयोजित कामनवेल्थ कुश्ती चैंपियनशिप में रचना ने देश का नेतृत्व करते कुश्ती में रजत पदक प्राप्त देश और प्रदेश का नाम रोशन किया था। खिलाड़ी ने खेल मंत्री अनिल विज के नाम पत्र लिखकर खेल नीति के अनुसार मेडल के आधार पर अन्य खिलाड़ियों को नौकरी देने के साथ-साथ उसे भी नौकरी देने की मांग की थी।
वर्ष 2015 में खेल मंत्री को पत्र लिखने के बाद जब कोई आशा नही बंधी तो उसने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया तथा जून 2016 में याचिका लगाकर अन्य खिलाड़ियों की भांति उसे भी नौकरी देने के लिए अपने हक की लड़ाई शुरू की। उस उपरांत हाईकोर्ट द्वारा उसकी सुनवाई करते हरियाणा सरकार को ग्रुप-सी के तहत पुलिस, शिक्षा विभाग या पंचायती राज सहित अन्य विभाग में नौकरी देने के आदेश दिए है।
पहले इन खिलाड़ियों को मिली नौकरी।
याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका में बताया कि रचना शेखावत के साथ खेली अन्य खिलाड़ी जिला पानीपत के गांव पट्टी कल्याणा निवासी कमलेश पुत्री धर्मपाल और जिला रोहतक के गांव गंधारा निवासी रिषीपाल पुत्र धनवीर को भी नौकरी दी जा चुकी है उसी आधार पर इसे भी नौकरी देने के लिए याचिका लगाई गई थी।