कोहरे के कारण सुबह एवं शाम के समय पारदर्शिता शून्य पर होने से रेल एवं सड़क यातायात बुरी तरह से चरमरा गया है। कोहरे ने ट्रेनों की चाल एक बार फिर बिगाड़ दी है। जाखल रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनें अपने निर्धारित समय से दो से 12 घंटे तक की देरी से पहुंची। ट्रेनों के देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना पड़ा। हालांकि, विभाग ने कोहरे के मद्देनजर कई मेल एवं पैसेंजर गाड़ियों को जहां रद्द किया है वहीं दो मेल ट्रेनों के रूट में भी कमी की हुई है।
जबकि कोहरे के चलते अन्य ट्रेनें भी बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। कोहरे के कारण सड़कों पर भी वाहनों को हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए चलना पड़ा, तो वहीं ट्रेनों को भी अपनी स्पीड आम दिनों की अपेक्षा आधी से भी कम करनी पड़ी।
हावड़ा से श्रीगंगानगर जाने वाली 13007 उद्यान आभा तूफान मेल जहां 17 घंटों की देरी से पहुंची, वहीं दिल्ली से फिरोजपुर जाने वाली दैनिक छिंदवाड़ा एक्सप्रेस भी सात घंटे की देरी से पहुंची। इसके अलावा दिल्ली से श्रीगंगानगर जाने वाली दैनिक इंटरसिटी एक्सप्रेस अनिश्चितकालीन देरी से चलनी घोषित की गई। जबकि मुंबई सेंट्रल से फिरोजपुर जाने वाली जनता एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से करीब दो-दो घंटे की देरी से पहुंची।
यात्रियों जताई समस्या
यात्री राकेश कुमार, तरसेम चंद, हरबिलास गुप्ता, कुसुम रानी ने बताया कि उन्हें बठिंडा जाना था, लेकिन सुबह साढ़े 10 बजे से खड़े होने के बावजूद दोपहर ढाई बजे तक भी कोई ट्रेन नहीं मिली। जाखल से बसों की भी सुविधा कम है। जाखल से बठिंडा तो दूर टोहाना अथवा हिसार जाने के लिए भी कोई सीधी बस सेवा न होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण अधिकतर यात्रियों को या तो रेलवे स्टेशन पर बैठकर कड़ाके की ठंड में ही मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी।
ट्रेन संख्या गाड़ी का नाम कहां स कहां तक कितनी लेट
12481 दैनिक इंटरसिटी दिल्ली श्री गंगानगर अनिश्चित काल लेट
19023 जनता एक्सप्रेस मुंबई सेंट्रल फिरोजपुर डेढ़ घंटा
15909 अवध आसाम गुवाहाटी लालगढ रद्द
13008 उद्यान आभा तूफान श्रीगंगानगर हावड़ा 3 घंटे
12482 दैनिक इंटरसिटी श्रीगंगानगर दिल्ली 2 घंटे
13007 उद्यान आभा तूफान हावड़ा श्रीगंगानगर 17 घंटे
14625 इंटर सिटी छिंदवाड़ा दिल्ली फिरोजपुर 7 घंटे
कोहरे के कारण ट्रेनों पर असर
स्टेशन अधीक्षक सूरजभान शर्मा ने कहा कि कोहरे के कारण विजीबिल्टी बिलकुल शून्य है। ऐसे में गाड़ी के चालक को गाड़ी की स्पीड कम करनी पड़ रही है। सिग्नल दिखाई न पड़ने के कारण गाड़ियों की चाल में कमी होने से उनका देरी से पहुंचना स्वाभाविक है।