सफेद मक्खी से खराब हुई नरमे की फसल का मुआवजा लेने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने लंबित किसानों को मुआवजा देने के लिए आखिरी तिथि बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी है। इससे पहले 31 जुलाई के बाद जिला प्रशासन ने इस मुआवजा राशि को वापस भेजने का एलान कर दिया था। 10 अगस्त तक भी अगर पात्र किसान अपनी औपचारिकताएं पूरी नहीं करते तो 11 अगस्त को शेष बकाया राशि सरकार के पास चली जाएगी। राजस्व विभाग के आंकड़ों की मानें तो अभी तक तकरीबन 45 करोड़ की मुआवजा राशि के लिए कोई लेनदार सामने नहीं आया है।
पिछले साल अगस्त 2015 में जिले में नरमे की फसल को सफेद मक्खी चट कर गई थी। किसानों के आग्रह पर सरकार ने नरमे की विशेष गिरदावरी करवाई तो लगभग किसानों का नरमा खराब मिला। इस कारण सरकार ने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की घोषणा की थी। इसी साल 16 मार्च को सरकार ने राजस्व विभाग के पास 140 करोड़ की मुआवजा राशि भिजवा दी।
शुक्रवार तक राजस्व विभाग से 95 करोड़ 24 लाख 75 हजार 485 रुपये का मुआवजा वितरण हो चुका था जबकि शेष राशि राजस्व विभाग के खाते में पड़ी हुई है। विभाग का मानना है कि पात्र किसानों के बैंकों में खाते ना होने या लेने में लेटलतीफी के कारण ये राशि बची हुई है। अगर किसान 10 अगस्त तक मुआवजा नहीं लेते हैं तो उसके बाद उन्हें मुआवजा नहीं दिया जाएगा। राजस्व विभाग ने इसकी सूचना जिले के सभी तहसीलदारों एवं तीनों उपमंडलाधीशों के पास भी भिजवा दी है।
नरमे की फसल को सफेद मक्खी से इतना हुआ था नुकसान
25 फीसदी से कम नुकसान वाला एरिया : 65553 हेक्टेयर
26 से 50 फीसदी नुकसान वाला एरिया : 12087 हेक्टेयर
51 से 75 फीसदी नुकसान वाला एरिया : 1126
75 से ऊपर नुकसान वाला एरिया : 419 हेक्टेयर
जिन किसानों ने अब तक मुआवजा नहीं लिया है, वे 10 अगस्त तक मुआवजा प्राप्त कर सकते हैं। इसकी सूचना डीसी कार्यालय के मार्फत संबंधित विभागों तक पहुंचा दी गई हैं। जो गांव में मुनादी करवाकर बकाया राशि का निपटान करेंगे।
कश्मीर सिंह, सदर कानूनगो, राजस्व विभाग, फतेहाबाद