विद्युत निगम ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए एक नई योजना लांच की है। नई योजना के अनुसार अब एक ही संस्थान में लगे सभी कनेक्शनों का एक ही मीटर लगवाया जा सकता है। निगम के अनुसार एक ही रजिस्ट्री वाले कई दुकानों, व संस्थानों का लोड पता लगाकर उसका एक ही मीटर लगा दिया जाएगा। जिससे उपभोक्ताओं को भी दिक्कत नहीं आएगी और कई तरह के लगने वाले विभिन्न टैक्सों से उपभोक्ता बच सकेगा।
निगम को सूचना मिली थी कि जिले के अनेक उपभोक्ताओं ने एक ही रजिस्ट्री के मालिकाना हक वाली दुकानों, घरों व फ्लोर आदि पर कई मीटर लगवा रखे हैं। इन कनेक्शनों के बिलों में विभिन्न टैक्स उपभोक्ता द्वारा अदा किए जाते हैं।
निगम के पास अब ये योजना आई है कि एक ही मालिकाना हक वाले संस्थानों के मालिक सभी मीटरों/कनेक्शनों का लोड विधिवत स्वीकृत कराकर एक बड़ा मीटर लगा सकते हैं। स्वयं घोषणा करने पर किसी प्रकार के जुर्माने आदि नहीं लिए जाएंगे और उसका स्वैच्छिक लोड भी बढ़ाकर एक मीटर लगा दिया जाएगा। संस्थान के मालिक आगे सब मीटर लगाकर अपने किराएदारों से यूनिट के हिसाब से राशि वसूल सकता है।
निगम के शहरी एसडीओ गुलशन वधवा के अनुसार इस योजना से उपभोक्ताओं को काफी फायदा होगा और बार-बार दिए जाने वाले टैक्सों को एक बार ही देना पड़ेगा। उन्होंने शहरवासियों से अनुरोध किया है कि वे इस स्कीम का लाभ उठाकर बिजली बचत में भी योगदान दें।
निगम के एसडीओ ने बताया कि निगम में मिलने वाले एलईडी सेंटर में अब एलईडी बल्ब आ गए हैं। कोई भी उपभोक्ता 75 रुपये प्रति एलईडी बल्ब की दर से 10 बल्ब तक खरीद सकता है। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं के बल्ब खराब हो चुके हैं, वो रसीद दिखाकर बदल सकता है। उन्होंने बताया कि एलईडी बल्ब से बिजली की काफी बचत होती है।