फतेहाबादवासियों को दीपावली मनाने में कोई बाधा न आए, इसके लिए विद्युत निगम, अस्पताल व दमकल विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। दिवाली पर आतिशबाजी से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आगजनी न हो पाए, इसके लिए दमकल विभाग की सभी छह गाड़ियां और स्टाफ 24 घंटे तैनात रहेंगे। विद्युत निगम के कर्मचारियों की भी कॉलोनी वाइज ड्यूटियां बांट दी गई हैं और अस्पताल के कर्मचारी शेड्यूल के अनुसार दीवाली की रात भी ड्यूटी देंगे।
शहर में इस समय दिवाली की तैयारियां चरम पर है। थाना रोड, भीमां बस्ती चौक, जवाहर चौक सहित सभी प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की कतारें लगी हुई हैं। शुक्रवार से लेकर दिवाली की देर रात तक लोगों की खरीदारी जारी रहेगी। इस दौरान शहर वासी सबसे बड़े त्योहार का आनंद ले सकें, इसके लिए कई विभागों के कर्मचारी शहरवासियों के लिए ड्यूटी करेंगे।
दमकल विभाग की छह गाड़ियां और 21 कर्मचारी रहेेंगे मुस्तैद
दमकल विभाग के पास इस समय छह गाड़ियां हैं जिनके लिए 21 कर्मचारी काम कर रहे हैं। हालांकि दमकल विभाग की तह तक जाएं तो उन्हें एक गाड़ी पर छह आदमी चाहिए। एक गाड़ी पर एक चालक, एक लीडिंग फायरमैन एवं चार फायरमैन की जरूरत है।
लेकिन दमकल विभाग की आपसी सामंजस्य के चलते सभी कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगे और दिवाली की रात भी ड्यूटी करेंगे। लीडिंग फायरमैन अमर सिंह के अनुसार कर्मचारियों की कमी नहीं है। पूरा स्टाफ है और किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सायं से सोमवार रात तक दमकल विभाग के सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
बिजली व्यवस्था के लिए इमरजेंसी टीम बनाई
फतेहाबाद शहर की बिजली सप्लाई भट्टू रोड स्थित 33 केवी सबस्टेशन से होती है। हालांकि हुडा सेक्टर एवं लघुसचिवालय का कुछ क्षेत्र डायरेक्ट 132 केवी से चलता है लेकिन उसकी देखरेख की पूरी जिम्मेदारी विद्युत निगम फतेहाबाद की है।
शहर में दिवाली की रात बिजली निर्बाध रूप से जारी रहे इसके लिए एसडीओ गुलशन वधवा ने एरिया वाइज ड्यूटियां लगा दी हैं। हुडा सेक्टर से लेकर मॉडल टाऊन, चार मरला, व शहर के हरेक कालोनी के लिए अलग अलग कर्मचारी तैनात रहेंगे। विभाग के पास इस समय 35 लाइनमैन और चार जेई हैं जिन्हें जिम्मा सौंपा गया है। एसडीओ वधवा 33 केवी सबस्टेशन पर ड्यूटी देंगे। उन्होंने बताया कि दिवाली की रात आगजनी की घटना होने का अंदेशा रहता है। इसलिए उन्होंने एक इमरजेंसी टीम भी गठित कर रखी है जो 33 केवी सबस्टेशन पर तैनात रहेगी। किसी भी आपातकालीन स्थिति में टीम को भेजा जाएगा।
चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द, पांच चिकित्सक बाहर से बुलवाए
स्वास्थ्य विभाग ने दिवाली की रात को किसी भी दुर्घटना की आशंका के मद्देनजर पहले ही अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीएमओ डॉ. अशोक चौधरी की मानें तो सभी चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। उन्हें शहर न छोड़ने और फोन ऑन रखने की सलाह दी गई है।
डॉ. चौधरी ने बताया कि इसके अलावा गांवों में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों से भी पांच अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी फतेहाबाद अस्पताल में लगाई गई है। एंबुलेंस के लिए भी दूसरे विभागों के ट्रेंड ड्राइवरों को अस्पताल में ही तैनात किया गया है।