फतेहाबाद जिले के भूना की बंसल कालोनी भूना में अवैध रूप से गर्भपात मामले में गिरफ्तार एएनएम को 14 दिन के लिए हिसार जेल भेज दिया गया है। वहीं, सरकारी काम में बाधा डालने व टीम के साथ मारपीट करने में एएनएम के पति मियां सिंह को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मंगलवार को मियां सिंह ने जमानत के लिए जिला अदालत फतेहाबाद में याचिका दायर की है। पुलिस उनकी जमानत के लिए विरोध दर्ज करवाएगी।
यह है मामला
फतेहाबाद रोड पर बांसल कालोनी में पाबड़ा पीएचसी की एएनएम बिमला पूनिया अपने घर पर गर्भपात व लिंग जांच का गोरखधंधा कर रही थी। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायतें भी मिल चुकी थी, लेकिन जींद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एएनएम के घर छापा मारकर कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पहल की।
रविवार रात सेहत विभाग जींद की टीम ने फतेहाबाद के सिविल सर्जन अशोक चौधरी से अनुमति लेकर एएनएम बिमला पूनिया के घर फर्जी ग्राहक महिला को भेजकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। महिला का गर्भपात करने की एवज में बिमला पूनिया ने 25 हजार रुपये नकद लिए थे, जिसे टीम ने मौके पर ही बरामद कर लिया था।
पुलिस बीट इंचार्ज भाल सिंह ने बताया कि दंपति को सोमवार को जेल में भेज दिया था, लेकिन एएनएम के पति मिया सिंह ने जमानत के लिए अर्जी लगाई है। इसको खारिज करने के लिए पुलिस बुधवार को न्यायालय में आपत्ति दर्ज करवाएगी।