फतेहाबाद के बीघड़ रोड निवासी दंपती को विदेश भेजने का झांसा देकर 19 लाख 23 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। मामले में शहर पुलिस ने बीघड़ रोड निवासी हरजीत सिंह की शिकायत पर आरोपी लुधियाना के गुरु नानक नगर कुलियांवाल निवासी विक्रम पिलानिया के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी व गबन के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में हरजीत सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारा में उसे आरोपी विक्रम पिलानिया मिला था। इस दौरान उसने कहा कि उसके अंकल का दोस्त है जो विदेश भेजने का काम करता है। अगर विदेश जाना चाहते हैं तो वह भेज देंगे। आरोप है कि इसके बाद विक्रम पिलानिया ने उसे फोन किया और कहा कि विदेश जाना चाहते हैं तो 13 लाख रुपये लगेंगे। इसके बाद आरोपी ने बातों में उलझा लिया।
आरोपी पर विश्वास करके उसने 25 मार्च 2023 से लेकर 20 अप्रैल 2023 तक आरोपी विक्रम पिलानिया व उसके बताए गए बैंक खातों में करीब 20 लाख रुपये डाल दिए। आरोपी ने और पैसों की डिमांड की जो उसने देने से मना कर दिया। आरोपी ने उसका व उसकी पत्नी का वीजा लगवाकर विदेश भेजने के नाम पर करीब 20 लाख रुपये ठग लिए लेकिन नहीं भेजा। जब उसने रुपये वापस मांगे तो देने से मना कर दिया। फिलहाल शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर में 9 दिन में ठगी का दूसरा मामला
विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये ठगी का 9 दिन में दूसरा मामला सामने आया है। 31 मई को शहर पुलिस ने कनाडा भेजने के नाम पर युवक से करीब 13 लाख रुपये ऐंठने का मामला दर्ज किया था। मामले में शहर पुलिस ने हिसार जिले के गांव कालीरावण निवासी सुनील की शिकायत पर आरोपी टोहाना निवासी महेश चड्डा और कनाडा हाल दिल्ली निवासी प्रवीन कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन के आरोप में मामला दर्ज कर चुकी है।