मुकेश खुराना। जाट आंदोलन को लेकर पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर रखा है। सभी जिलों में धारा 144 लगी है, लेकिन इन सब के बावजूद मंगलवार सुबह फतेहाबाद-चंडीगढ़ रोड पर प्राइवेट बस में हुए ब्लास्ट ने पूरे सुरक्षा दावों की पोल खोल के रख दी है। फतेहाबाद के बस स्टैंड परिसर में सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम नहीं है।
यहां तक कि संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी नहीं है। मंगलवार को हुई घटना के बाद एसपी ओपी नरवाल ने बसों की चेकिंग करने के निर्देश जारी किए, लेकिन शाम तक फतेहाबाद के बस स्टैंड और बसों में किसी प्रकार की चेकिंग नहीं दिखी।
- नहीं होती गेट पर चेकिंग
नेशनल हाइवे पर स्थित फतेहाबाद से दिल्ली, राजस्थान, पंजाब तक की बसें गुजरती हैं और हजारों यात्री इन में सफर करते हैं। बस स्टैंड परिसर के इन और आउट गेट पर चेकिंग के कोई बंदोबस्त नहीं है। यात्री कोई भी संदिग्ध वस्तु ले जा सकता है। यहां तक कि शरारती तत्व भी किसी भी वारदात को आसानी से अंजाम दे सकते हैं। सरकार की तरफ से हर बार बस स्टैंड पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के दावे किए जाते हैं। लेकिन अभी तक यह योजना सिरे नहीं चढ़ी है।
घटना के बाद जारी हुए जांच के आदेश, लेकिन नहीं दिखा असर
मंगलवार सुबह हुई घटना के बाद आईजी हिसार रेंज ओपी सिंह और एसपी ओपी नरवाल ने बसों और नाकों पर चेकिंग के आदेश जारी किए लेकिन शाम तक इन आदेशों का कोई असर नहीं दिखा। मंगलवार शाम तक बस स्टैंड परिसरों का वही हाल था, जो आम दिनों में होता है। इसके अलावा रोडवेज महाप्रबंधक के जारी किए आदेश का भी कोई असर नहीं दिखा। रोडवेज महाप्रबंधक ने यहां तक कहा कि बुधवार को मैं खुद सख्ती से आदेशों की पालना करवाऊंगा।
चालक-परिचालक रखें यात्रियों और सामान पर नजर:
मंगलवार को हुई घटना के बाद मैंने डिपो और बस डिपो में आदेश जारी कर दिए हैं। बस में मौजूद यात्रियों और उनके सामान पर चालक और परिचालक नजर रखेंगे। इसके अलावा सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए मुख्यालय को लिखा गया है, बजट आते ही लगवा दिए जाएंगे।
रामकुमार
रोडवेज महाप्रबंधक
बसों और नाकों पर चेकिंग के आदेश दिए गए हैं। जनता से अपील है कि संदिग्ध व्यक्ति की सूचना पुलिस को दें। संदिग्ध वस्तु का न छुएं।
ओपी नरवाल
एसपी फतेहाबाद