बिजली का बिल न भरने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के लिए 27 अगस्त से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए हिसार सहित अन्य जिलों की टीमों व पुलिस की भी मदद ली जाएगी। इसके साथ ही जो उपभोक्ता अपने बिल भरना चाहते हैं उनके लिए कल शनिवार व रविवार को भी बिजली निगम के कैश काउंटर खुले रखे जाएंगे।
यह जानकारी देते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपमंडल अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कई दिन पहले बिल न भरने वाले उपभोक्ताओं को अंतिम चेतावनी देते हुए बिल भरने के कई मौके दिए गए हैं। इसके बाद भी जिन उपभोक्ताओं ने बिल नहीं भरा है उनके कनेक्शन काटने के लिए कड़ा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिजली बिल भरने के लिए निगम के कैश काउंटर शनिवार व रविवार को भी खुले रखे जाएंगे। जो उपभोक्ता कनेक्शन काटने वाली टीम के अपने घर आने से पहले अपना बिल भर देगा उसका कनेक्शन नहीं काटा जाएगा बाकी किसी डिफॉल्टर उपभोक्ता को नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने सभी शहरी व ग्रामीण उपभोक्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने बिजली बिल तुरंत भरवा दें ताकि उनका बिजली कनेक्शन चलता रहे।