फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर परिषद ने रातोंरात तोड़े दुकानों के शेड, सुबह भड़के लोगों ने नप सचिव से की हाथापाई

Fri, 18 Nov 2016 12:29 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहाबाद
विज्ञापन
रातोंरात तोड़े दुकानों के शेड - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
पिछले डेढ़ माह से अतिक्रमणकारियों के सामने हाथ जोड़ रहे नगर परिषद प्रशासन ने बुधवार देर रात अपना रौद्र रूप दिखाया और रातोंरात जेसीबी मशीन से दुकानों के आगे लगे शैडों को गिरा दिया। नगर परिषद की इस कार्यवाही से भड़के लोगों ने वीरवार सुबह जाम लगा दिया जिसको खुलवाने गए नप सचिव संदीप सोलंकी के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट करने का प्रयास किया लेकिन नप सचिव ने भागकर अपनी जान बचाई।
विज्ञापन


दूसरी ओर नप सचिव पर हमले के प्रयास की खबर सुनते ही नगर परिषद प्रधान, पार्षदों और कर्मचारियों ने नप कार्यालय परिसर में ही धरना शुरु कर दिया। इस बीच टोहाना प्रशासन ने भी हमला करने एवं जाम लगाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की बात कही है। दूसरी ओर गुस्साए लोगों ने वीरवार सुबह से लेकर दोपहर तक लगातार जाम लगाए रखा। जाम के दौरान टोहाना प्रशासन ने जाम लगा रहे प्रदर्शनकारियों में दस लोगों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन एवं प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत जारी थी।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात लगभग ग्यारह बजे नप कर्मी जेसीबी मशीन लेेकर बस स्टैंड रोड पर पहुंचे और दुकानों के आगे लगे शेड पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी। शेड गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सड़क पर आए और इस कार्रवाई का जमकर विरोध किया। काफी देर तक हुई नोकझोंक के बाद जेसीबी मशीन वहां से रवाना हो गई और उसने रतिया रोड पर कार्रवाई शुरू कर दी।
विज्ञापन


जैसे ही व्यापारी वर्ग के लोग वाल्मीकि चौक पर पहुंचे तो उन्हें रतिया रोड पर इसी तरह की कार्यवाही की सूचना मिली तो वे भड़क उठे और वहां पहुंचकर गुस्साए व्यापारी ईंट, पत्थर उठाकर जेसीबी के पीछे भागने लगे तब मशीन चालक ने जेसीबी को भगाकर अपनी जान बचाई। प्रदर्शनकारियों ने इसके बाद रात को ही टूटा हुआ सामान रोड पर रखकर जाम लगा दिया तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लेकिन कुछ ही देर बाद आपस में बातचीत कर सुबह कार्रवाई करने की बात पर जाम खोल दिया और एसडीएम के निवास पर बातचीत के लिए रवाना हुए लेकिन एसडीएम से मिल न पाने के कारण गुरुवार सुबह यह जाम लगाया।

रोड जाम के दौरान शुरू हुआ महा प्रदर्शन
देर रात्रि लगभग साढे ग्यारह बजे की गई नगर परिषद की कार्रवाई से व्यापारी वर्ग के गुस्साए व्यापारी व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र ठकराल व युवा प्रधान जोनी मेहता, राजेंद्र बल्ली के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारियों ने वाल्मीकि चौक पर जाम लगाते प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान इस तरह से व्यापारी नेताओं ने रात में की गई तानाशाही कार्रवाई बताया तथा कहा कि व्यापारी वर्ग को प्रशासन द्वारा केवल अतिक्रमण के तहत अपनी दुकानों के आगे से सामान उठाने की अपील की गई थी। इसी के बाद परिषद ने जब अभियान चलाकर सामान उठाया तो दुकानदारों ने उसका कोई विरोध नहीं किया।

क्योंकि प्रशासन द्वारा पिछले कई दिनों से अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही थी, हालांकि उन्हें शेड हटाने को कभी नहीं कहा गया। इस कार्रवाई को अनुचित ठहराते उन्होंने व्यापारियों के नुकसान की भरपाई करने की मांग की और मांग पूरी नहीं होने पर व्यापार मंडल द्वारा बाजार बंद करने की भी चेतावनी दी। वहीं प्रदर्शनकारियों ने कई नप कर्मचारियों पर रात में शराब के नशे में कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया। इस दौरान जाम की सूचना पाकर थाना शहर प्रभारी मौके पर आए तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

नप सचिव से मारपीट का प्रयास, तहसीलदार की जीप में छिपकर बचाई जान
जाम की सूचना पाकर मौके पर नप सचिव संदीप सोलंकी मौके पर आए तो व्यापारी नेता राजेंद्र बल्ली को नप सचिव बातचीत के लिए एक साइड में ले गए इस दौर कुछ प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया और एकाएक कुछ प्रदर्शनकारियों ने सचिव का हाथ पकड़कर मारपीट का प्रयास किया जिसके बाद राजेंद्र बल्ली व पार्षद रामेश्वर मुआल, राजेंद्र ठकराल ने उन्हें सुरक्षापूर्वक नजदीक खड़ी तहसीलदार नवदीप नैन की गाड़ी तक पहुंचाया। जिसके बाद उन्होंने वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।

नप कर्मियो ने किया धरना प्रदर्शन।
इस दौरान नप कर्मियो ने रात्रि को कार्रवाई के दौरान पथरावबाजी व नप सचिव से मारपीट के प्रयास की सूचना पाकर कमेटी कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना शुरू करते हुए काम को ठप्प कर दिया। इस दौरान अपनी एकता का परिचय देते हुए सभी कर्मी धरने पर पंहुचकर नारेबाजी करते हुए आरोपियो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान तसीलदार नवदीप नैन, थाना प्रभारी संदीप कुमार, थाना सदर प्रभारी ओमप्रकाश नैन सहित कई पुलिस कर्मी मौके पर आए तथा कार्रवाई शुरू कर दी है।

भाजपा समर्थित पार्षदों ने की कार्रवाई निंदा
इस दौरान नगर परिषद में बैठक आयोजित कर पत्रकार वार्ता में इस कार्य की निंदा करते हुए कहा कि यह नप सचिव पर हमला नही पूरी नगर परिषद पर हमला है। उन्होंने बताया कि एसडीएम के नेतृत्व में शहर के प्रत्येक दुकानदार और रेहड़ी चालक के पास जाकर हाथ जोड़कर शहर को सुंदर बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की अपील की थी। यह अभियान पिछले डेढ़ महीने से जारी था। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने इस काम में उनका सहयोग किया तो उन्हें प्रशस्ती पत्र और गुलदस्ता देकर सम्मानित भी किया गया था ताकि लोगों में जागरूकता आए। इसके बाद नप कर्मचारियों ने बुधवार को दिन में कार्रवाई करते कई जगहों से अतिक्रमण हटाया और कई दुकानदारों का सामान भी जब्त किया, लेकिन रात के समय नप द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी उन्हें नही थी। हालांकि एक अधिकारी के साथ व्यापारी वर्ग द्वारा हाथापाई करना निंदनीय है।

इस कार्य में वे नप के साथ है। इस अवसर पर नप प्रधान कुलदीप सिंह, उप प्रधान प्रतिनिधि रविंद्र मेहता, पार्षद संजय रेवड़ी, पार्षद सुरजीत सिंह, प्रतिनिधि राकेश सैनी, अशोक गर्ग, प्रतिनिधि जगमेल सिंह, भाजपा नेता वेद जांगड़ा सहित कई उपस्थित रहे।

मारपीट का प्रयास करने वालों पर होगी कार्रवाई
टोहाना प्रशासन की ओर से एसडीएम सुशील कुमार ने बयान जारी कर ऐसे लोगों पर सख्त कार्यवाही करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि नप कर्मी के साथ मारपीट करने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें