रतिया। ओलावृष्टि और बारिश से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति हरियाणा ने आंदोलन का ऐलान किया है। समिति 3 नवंबर को फतेहाबाद स्थित डीसी कार्यालय का घेराव करेगी।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप सिंह नथवान ने कहा कि जिले के 19 गांवों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इनमें नथवान, हड़ोली, दादूपुर और दादूपुर ढाणी सहित अन्य गांव शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि कई गांवों में फसलें 100 प्रतिशत तक खराब हो गई हैं। इसके बावजूद किसानों को मुआवजा मिलने में परेशानी आ रही है।
नथवान ने मांग की कि क्षतिपूर्ति पोर्टल पर लगाई गई पांच एकड़ की शर्त तुरंत हटाई जाए। सभी प्रभावित किसानों की निष्पक्ष गिरदावरी कर जल्द मुआवजा दिया जाए। उन्होंने प्रत्येक प्रभावित किसान को एक लाख रुपये की राहत देने की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जल्द राहत दे। मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। समिति ने किसानों से 3 नवंबर को घेराव में अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।