फतेहाबाद। किसानों को बेलर उपलब्ध न होने, धान की पेमेंट न होने व डीएपी की कालाबाजारी के विरोध में शनिवार को किसानों ने पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में लघु सचिवालय में धरना दिया। किसानों ने बताया कि रविवार को इसके विरोध में वह ढांड खरीद केंद्र पर सरकार का पुतला भी फूंकेंगे।
पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के संयोजक मनदीप नथवान ने बताया कि एक ओर सरकार पराली प्रबंधन को लेकर किसानों को एक ओर तो प्रोत्साहित कर रही है, वहीं उनको सही मात्रा में बेलर ही उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसान अपनी पराली नहीं जलाना चाहते, लेकिन गेहूं बिजाई के इस समय में बेलर न मिलने के कारण उनको मजबूरन अपनी पराली जलानी पड़ रही है। अगर एक नवंबर तक किसानों को पर्याप्त मात्रा में बेलर उपलब्ध नहीं करवाए गए तो किसान अपनी पराली को आग लगाएंगे और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। नथवान ने बताया कि इसके अलावा डीएपी खाद की भारी किल्लत हो रही है। किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल रहा है और इसकी कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को प्रशासनिक अधिकारी डीएपी के स्टॉक तक की जानकारी नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि ढांड के खरीद केंद्र पर पांच अक्तूबर से ही धान की खरीद बंद कर दी गई है और जो धान खरीदा गया, उसे डिसकलर बताकर वापिस खरीद केंद्र पर फेंक दिया गया। इस खरीद केंद्र पर किसानों की खरीदी गई धान की फसल का भुगतान भी अभी तक किसानों को नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके विरोध में रविवार को किसान ढांड खरीद केंद्र पर सरकार का पुतला भी फूंकेंगे।