डीसी को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपते किसान-मजदूर संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी।
फतेहाबाद। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति और हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित डीसी कार्यालय पर रोष प्रदर्शन किया। किसान प्रतिनिधियों ने उपायुक्त विवेक भारती को मुख्यमंत्री के नाम एक 7 सूत्री मांग-पत्र सौंपा।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो पूरे प्रदेश में जन-आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन में प्रमुख मांग थी कि हरियाणा में परमल धान की खरीद 15 सितंबर से शुरू हो। किसानों ने बकाया भुगतान ब्याज सहित तुरंत जारी करने और गन्ने के लाभकारी मूल्य में वृद्धि की मांग की।
पशुपालकों के शोषण रोकने और दुग्ध क्षेत्र में मिलावटखोरी पर संज्ञान लेने को कहा गया। समिति ने वीटा सहित अन्य दुग्ध संस्थानों की अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल को फिर से खोलने और मुख्यमंत्री स्तर पर तत्काल वार्ता आयोजित करने की भी मांग की गई। इस अवसर पर ओम प्रकाश हसंगा, महेंद्र सिंह मोचीवाली, सुखा, लवि बाठ, अमन बाठ, राकेश मलिक, विनोद कुमार, आत्मा राम, रघुवीर नंबरदार आदि उपस्थित रहे।