अनाज मंडी भूना में पगड़ी संभाल जट्टा किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान के नेतृत्व में व
भूना। धान की खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने शनिवार को अनाज मंडी भूना में पगड़ी संभाल जट्टा किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंडियों में धान की खरीद सुचारु रूप से शुरू करवाने की मांग उठाई।
प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान ने कहा कि किसान अपनी धान की फसल लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं लेकिन खरीद व्यवस्था में आ रही दिक्कतों के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान कई दिनों से अपनी फसल लेकर मंडियों में बैठे हैं। ऐसे में सरकार को जल्द से जल्द खरीद व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु करना चाहिए।
नथवान ने चेतावनी दी कि यदि धान की खरीद में तेजी नहीं लाई गई तो किसान आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने रविवार को प्रदेश की प्रत्येक अनाज मंडी में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का आह्वान किया। इस दौरान सरदार कमल सिंह, महेंद्र बेनीवाल, राधेश्याम चंद्रावल, राममेहर सिवाच, जयवीर सिवाच, बलवंत बेनीवाल, मनप्रीत बिल्ला आदि मौजूद रहे।
-
मार्केट कमेटी ने कहा- खरीद शुरू, नमी से आ रही दिक्कत
मार्केट कमेटी की सचिव ईश्वर सिंह ढाका ने बताया कि मंडी में धान की खरीद शुरू की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि धान की ढेरियों में नमी अधिक होने के कारण खरीद प्रक्रिया में दिक्कत आ रही है। किसानों से अपील है कि वे धान को निर्धारित नमी मानकों के अनुरूप सुखाकर मंडी में लेकर आएं ताकि खरीद में परेशानी न हो।