धारसूल 132 केवी बिजली घर के केवल बक्सा में बीते दिन ब्लास्ट होने से आई खराबी से आठ कृषि फीडरों पर बनी बिजली किल्लत से परेशान किसानों ने सोमवार सुबह कुलां में मुख्य चौक पर जाम लगाकर चारों तरफ से आवागमन रोक दिया। जाम की सूचना मिलने पर टोहाना सदर थानाध्यक्ष विनोद कुमार तथा बिजली निगम के एसडीओ व एक्सईएन मौके पर पहुंचे। काफी देर समझाने के बाद बिजली अधिकारियों ने शीघ्र ही समस्या का निराकरण कर सुचारु रूप से आपूर्ति देने का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया। आला अफसरों के आश्वासन पर किसानों ने बुधवार तक का अल्टीमेटम देते हुए जाम खोल दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार सुबह तक समस्या का निवारण नहीं हुआ तो किसान पुन: जाम लगाने को विवश होंगे।
जानकारी अनुसार शनिवार सुबह ओवरलोड के कारण धारसूल 132 केवी बिजली घर में केबल बक्शा खराब हो गया था। इससे बिजली घर के अंतर्गत 8 कृषि फीडर व 4 गांव के घरों की बिजली गुल हो गई। बिजली कर्मियों ने चारों गांव के घरेलू फीडर को दूसरे बक्शे से जोड़कर अस्थायी तौर पर आपूर्ति बहाल कर दी परंतु इससे ट्यूबवेल लाइनों के 1-1 फीडर को आठ घंटों की बजाय मात्र 3 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। इससे रोषित किसान सुबह 10 बजे ही कुलां चौक पर पहुंच गए। करीब 10.30 बजे तक किसानों ने सड़क मार्ग रोककर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया। कुलां चौकी इंचार्ज कपिल देव ने जाम खुलवाने के लिए किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर होने से चौकी इंचार्ज की नहीं चली। इसके बाद उन्होंने टोहाना सदर थानाध्यक्ष को अवगत कराया। सदर थानाध्यक्ष विनोद कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाकर जाम खोलने का आह्वान किया। मगर किसानों ने बिजली अधिकारियों के आए बिना जाम खोलने से मना कर दिया।
मामला गर्म होते देख थोड़ी देर बाद बिजली निगम के एक्सईएन अजय मेहरा व एसडीओ विपिन कुमार किसानों के बीच पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को शीघ्र ही समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया, लेकिन किसान मौके पर ही बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग पर अड़े रहे। आखिर में एक्सईएन ने किसानों को बुधवार तक स्थिति ठीक करने का आश्वासन दिया। इस पर किसानों ने दोपहरडेढ़ बजे जाम खोल दिया। इसके बाद विद्युत निगम के अधिकारियों ने धारसूल 132 केवी बिजलीघर में पहुंचकर निरीक्षण किया और केवल बक्सा में आई खराबी को यथाशीघ्र दुरुस्त करने का आदेश दिया।
जाम लगा रहे किसानों में पूर्व सरपंच निर्मल सिंह, बलवीर सिंह व नानू धारसूल, रिछपाल सिंह, नायब व महेंद्र सिंह ने कहा कि इन दिनों धान की रोपाई का काम चला हुआ है लेकिन एग्रीकल्चर फीडर पर बिजली की सप्लाई अपेक्षाकृत कम हो रही है। इस कारण वह धान की रोपाई नहीं कर पा रहे है। निगम कर्मचारियों को भी अवगत कराया लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया है। मजबूरी वश जाम लगाना पड़ा है।
धारसूल 132 केवी बिजली घर के केबल बक्शे में ब्लास्ट होने से यह समस्या आई है। मैंने एक्सईएन के साथ धारसूल बिजली घर का निरीक्षण किया है। कर्मचारियों को शीघ्र खराबी ठीक करने को कहा है। बुधवार तक कृषि फीडरों की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। -विपिन कुमार, एसडीओ, बिजली निगम।