फतेहाबाद। गांव बड़ोपल में ढाणियों की समस्याओं और किसानों के मुद्दों पर अखिल भारतीय किसान सभा की जनरल बॉडी बैठक सोमवार को आयोजित हुई। बैठक में लगभग 400 नए किसानों ने सदस्यता ग्रहण की और समस्याओं के समाधान के लिए 17 सदस्यीय विशेष कमेटी का गठन किया गया। इस दौरान किसानों ने सेम, जलभराव और बीमा क्लेम न मिलने पर रोष जताया।
किसान नरसी बिश्नोई की अध्यक्षता में हुई सभा का संचालन सतबीर सिंह ने किया। जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। नई कार्यकारिणी में राम सिंह प्रधान, विष्णु कुमार सचिव, सतबीर सिंह और आत्माराम उपप्रधान चुने गए। विकास, साहब राम, भगवान दास, साहबराम, बलवंत सिंह, सत्यवान, मक्खन, श्रवण, मुकेश, हवासिंह पटेल, रामकुमार भादु और हंस राज को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
सभा में वक्ताओं ने बताया कि बड़ोपल और आसपास लगभग छह हजार एकड़ भूमि सेम और जलभराव की चपेट में हैं। इस कारण फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। घोषणाओं के बावजूद मुआवजा राशि किसानों तक नहीं पहुंची। खातों से बीमा प्रीमियम कटने के बाद भी नुकसान पर क्लेम अटका हुआ है। कई ढाणियों में पेयजल संकट भी गहराया हुआ है।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि बीमा क्लेम, जलभराव मुआवजा और ढाणियों की मूलभूत समस्याओं पर शीघ्र समाधान नहीं मिला तो प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिलेगा। समाधान न होने की स्थिति में जन आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में ग्राम कमेटी प्रधान हंस राज ने भी किसानों से एकजुट रहने का आह्वान किया। बैठक में कुलदीप सिंह, डूंगर मल, रमेश कुमार, पवन कुमार, शंकर लाल, कृष्ण कुमार, राधेश्याम आदि मौजूद रहे।