फतेहाबाद। खेतों में जहां रबी फसल की कटाई जोरों पर है। इसके चलते अनाज मंडियों में किसान अपनी फसलों को लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन फतेहाबाद की पुरानी अनाज मंडी में मार्केटिंग बोर्ड की ओर से खरीद से पहले तैयारियां पूरी नहीं होने से किसान परेशान हैं।
मार्केटिंग बोर्ड की ओर से पुरानी अनाज मंडी में तीन नए शौचालय का निर्माण कार्य, दो शौचालयों का मरम्मत कार्य और अनाज मंडी में स्थित सभी प्याऊ का मरम्मत कार्य करवाया जा रहा है। मंडी में बारिश के दौरान जलभराव न हो इसके लिए गेट के बाहर रैंप आदि बनाने के लिए लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
मार्केटिंग बोर्ड ने इस काम को 15 मार्च से पहले पूरा करने का समय लिया था, लेकिन इस काम को अभी तक पूरा नहीं किया गया है। वहीं कपास अनाज में मंडी जहां सरसों की सरकारी खरीद जारी है, इस स्थान पर बने प्याऊ से वाटर कूलर व टंकी को हटा दिया है। इसके साथ पुरानी अनाज मंडी में अस्थायी तौर पर बनाएं गई प्याऊ में वाटर कूलर नहीं है।
पुरानी अनाज मंडी में सरसों की फसल लेकर पहुंचा हूं। मंडी में पीने का पानी नहीं है। ऐसे में कहीं ओर से बोतल में भरकर पानी लाना पड़ रहा है। प्रशासन को इसका जल्द समाधान करना चाहिए।
-हरपाल सिंह, किसान अकांवाली
अनाज मंडी में पेयजल और शौचालय की समस्या होने से अपनी फसल को छोड़कर शौच व पेयजल के लिए जाना पड़ रहा है। इससे परेशानी होती है। इस पर मार्केटिंग बोर्ड काे संज्ञान लेना चाहिए।
-धर्मपाल किसान, निवासी फतेहाबाद
-
अनाज मंडी में फसल को बेचने आने वाले किसानों को एसबीआई रोड का निर्माण कार्य चलने से ट्रैक्टरों को मंडी में पहुंचने में परेशानी होती है। वहीं मंडी में पहुंचने के बाद मूलभूत सुविधाएं नहीं होने से परेशानी है।
लक्ष्मण सिंह, किसान गांव बीघड़
-
पुरानी अनाज मंडी में सरसों की फसल लेकर आया था, लेकिन नमी की मात्रा ज्यादा होने के कारण खरीद नहीं हो सकी। ऐसे में मुझे अनाज मंडी में रात गुजारनी पड़ी। इस दौरान पेयजल व शौचालय की सबसे ज्यादा कमी खली।
-विनोद किसान, निवासी दरियापुर
:: अनाज मंडी में सरसों व गेहूं की खरीद के लिए तैयारियां लगभग पूरी है। इससे किसानों को पेयजल, शौचालय और सुरक्षा के लिए प्रबंध किए गए हैं। वहीं गेहूं की खरीद होने से पहले निर्माण व मरम्मत कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। किसानों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी।
-गौरव वधवा, एसडीओ, मार्केटिंग बोर्ड फतेहाबाद।