फतेहाबाद। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर रविवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर किसानों-मजदूरों व अन्य सहयोगी संगठनों ने ट्रैक्टर-बाइक मार्च निकाला। मार्च से पहले बड़ी संख्या में किसान-मजदूर अपने-अपने वाहन लेकर बस स्टैंड के सामने अनाज मंडी के शेड के नीचे एकत्र हुए।
इसके बाद वहां से काफिले के रूप में विरोध मार्च शुरू हुआ। मार्च में ऊंट गाड़ियां भी शामिल रहीं। यह मार्च लाल बत्ती चौक से लेकर शहीद स्मारक लघु सचिवालय तक निकली गया। संयुक्त मोर्चा के कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय किसान सभा के तहसील प्रधान पतराम ढाणी ईशर, किसान संघर्ष समिति के तहसील प्रधान रविंदर हिजरावां, खेत मजदूर यूनियन के नेता रामकुमार बहबलपुरिया, सीटू नेता बेगराज ने की।
मार्च को व्यापारी संगठनों, रिटायर्ड कर्मचारी संघ, नागरिक अधिकार मंच, ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन आदि संगठनों ने समर्थन दिया। किसान नेताओं ने कहा कि अभी पिछले दिनों ही केंद्र सरकार नया एग्रीकल्चर मार्केटिंग ड्राफ्ट लेकर आई है, इसके तहत पूरे देश की सरकारी मंडियां प्राइवेट हाथों को सौंपने की तैयारी चल रही है। संयुक्त किसान मोर्चा का यह स्पष्ट कहना है कि यह नया खेती मंडीकरण ड्राफ्ट उन तीन कानून को पीछे दरवाजे से दोबारा लाने की एक कोशिश है।
अन्य संगठनों के नेताओं ने कहा कि अगर खेती चौपट होती है तो सभी तरह के कामकाज, व्यापार धंधे को भारी चोट पहुंचेगी। यह लड़ाई समाज के सभी वर्गों को मिलकर लड़नी होगी। इस अवसर पर सुरेश गढ़वाल, धर्मपाल कुम्हारिया, दलबीर आजाद, शहरी पार्षद मोहनलाल नारंग, देवीलाल एडवोकेट, शाहनवाज, पवन भूथन आदि शामिल रहे।
रतिया में भी किसानों ने ट्रैक्टर-बाइक मार्च निकाला
रतिया। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर केंद्र सरकार की नई कृषि व्यापार नीति के विरोध में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान भारतीय किसान यूनियन एकता ने ट्रैक्टर मार्च निकालते हुए विरोध व्यक्त किया। इस मार्च को भारतीय किसान यूनियन एकता के जिला प्रधान निर्भय रतिया ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार तीन काले कानूनों को वापिस लाना चाहती है, जिसके विरोध में शहर के नाली मोहल्ला से टोहाना रोड, भगत सिंह चौक से अनाज मंडी सहित शहर भर में ट्रैक्टर मार्च निकालकर विरोध किया गया। इस दौरान किसान सभा के अध्यक्ष परमजीत सिंह लाली, अखिल भारतीय किसान महासभा के सुखविंदर सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे। संवाद
किसानों ने शहर में निकाला ट्रैक्टर मार्च
टोहाना। संयुक्त किसान मोर्चा के आदेश पर किसानों ने रविवार को ट्रैक्टर मार्च निकाला। ट्रैक्टर मार्च मोर्चा स्थल से शुरू होकर विधायक परमवीर सिंह के आवास के आगे से होता हुआ शहर के विभिन्न मुख्य रास्तों से निकाला गया।
किसान नेता लाभ सिंह ने कहा कि सरकार एमएसपी गारंटी कानून बनाने के बजाय नई कृषि व्यापार नीति थोपने का काम करना चाहती है। सरकार बिजली विधेयक बिल, पराली बिल लेकर आ रही है जिसका विरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नई कृषि व्यापार नीति किसानों के लिए पूरी तरह से घातक सिद्ध होगी, इससे अनाजमंडियां खत्म हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि 8 फरवरी को किसान देशभर के सांसदों के घर के बाहर प्रदर्शन करेंगे और अपना विरोध जताएंगे। संवाद