शेखुपुर दड़ौली में किसान की मौत की सूचना पाकर पहुंचे पुलिसकर्मी।
भट्टू कलां। गांव शेखुपुर दड़ौली में संदिग्ध परिस्थितियों में किसान की मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने इस मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम के बाद आगामी कार्रवाई कर इसमें अन्य धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया जा सकेगा।
गांव शेखुपुर दड़ौली निवासी सुशील कुमार ने बताया कि उसके करीब 55 वर्षीय पिता छबीलदास गांव के ही कृष्ण कुमार के खेत में कृषि कार्य करते थे। रविवार रात्रि को उसके पिता खेत में ही थे और सुबह तक घर नहीं लौटे। जिस पर उन्होंने सुबह उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उनका शव खेत में खाल के मोगे में पानी में डूबा हुआ मिला। जिस पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर शव को खाल के मोगे से बाहर निकाला। थाना प्रभारी देवेंद्र नैन ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने इस मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कदम उठाया जाएगा।