फेसबुक से अपने प्यार को परवान चढ़ाने वाली फतेहाबाद के एक गांव युवती पर उसके पति ने इतने जुल्म ढहाए कि जब उसकी डिलीवरी हुई तो उसके पुत्र का ब्रेन डैमेज था।
वह पति की दूसरी पत्नी के रूप में तो मानसिक अत्याचार सहन कर ही रही थी। उसका पति शारीरिक रूप से भी प्रताड़ित करता था। जब वह गर्भवती थी तो उसके पति ने पेट पर लात मारी तो उसके पैदा हुआ पुत्र का ब्रेन डैमेज था। यह खुलासा उसने शनिवार को डीएसपी विजय कक्कड़ के समक्ष किया।
शनिवार को वह पुलिस जांच में शामिल होने के लिए आई हुई थी। पीड़िता ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस इस मामले में लापरवाही दिखा रही है। उसकी हत्या करने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने सिर्फ धमकी देने का ही मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति राजेंद्र ने षड़यंत्र के तहत उसे फेसबुक पर फंसाया। जिसके बाद वह राजेंद्र की बातों में आती गई। पहले शादीशुदा होने के बावजूद राजेंद्र ने धोखे से शादी कर ली। शादी के बाद जब वह गर्भवती थी तो उसकी पहली पत्नी भी दिल्ली में पहुंच गई। जहां पर राजेंद्र ने पहली पत्नी के सामने उसके साथ मारपीट की। वहां पहले से मौजूद उसकी मां शंकुतला देवी ने छुड़वाया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद जब उसने बेटे को जन्म दिया तो उसका ब्रेन डैमेज था, जिसका उपचार चल रहा है।
बता दें कि इसी मामले को लेकर तीन दिन पहले सदर थाने में लड़की के मायके तथा ससुराल वालों के बीच पंचायत चल रही थी। इसी दौरान पीड़िता ने पंचायत में फैसला न होता देख जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। जिससे कमलेश की तबीयत बिगड़ गई थी और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जिसके बाद सदर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति सहित 9 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।