फतेहाबाद। दीपावली पर्व को लेकर किसी भी दुर्घटना से निपटने के लिए प्रशासन ने स्वास्थ्य, पुलिस व दमकल विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क कर दिया है। किसी भी तरह की घटना होने पर डायल 112 पर कोई भी व्यक्ति मदद ले सकेगा। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल के सभी विशेषज्ञों को दीपावली पर मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए हैं।
नागरिक अस्पताल के ईएनटी, नेत्र रोग, चर्म रोग, आर्थो सर्जन को निर्देश दिए है कि वह ऑन कॉल रहे, अगर किसी आपातकाल की सूचना आती है तो तुरंत इमरजेंसी वार्ड में पहुंचना होगा। इसके अलावा इमरजेंसी में 24 घंटे मेडिकल ऑफिसर और दो नर्सिंग ऑफिसर तैनात रहेंगे।
जिले में हैं 28 एंबुलेंस
किसी भी आपातकाल में एंबुलेंस सेवा लेने के लिए डायल 112 पर कॉल करनी होगी। हालांकि एंबुलेंस कंट्रोल रूम के आपातकाल नंबर 108 पर भी मदद ली जा सकती है। जिले में 28 एंबुलेंस है जो कि अलग-अलग अस्पताल में सुविधा दे रही है।
14 फायर कर्मचारी रहेंगे तैनात
दीपावली पर्व पर दमकल विभाग के कर्मचारियों को भी अलर्ट किया गया है। दीपावली के दिन एक शिफ्ट में 14 कर्मचारी तैनात रहेंगे। स्टेशन इंचार्ज सुमेश कुमार ने बताया कि आगजनी की घटना के दौरान मदद के लिए 01667-220100 और डायल 112 पर मदद ली जा सकती है।
दीपावली पर्व पर विशेषज्ञ ऑन कॉल रहेंगे। इसके अलावा इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे जारी रहेंगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है।
- डॉ. बुधराम, एसएमओ, नागरिक अस्पताल