फतेहाबाद। एचएसएससी की ओर से शनिवार को क्लर्क भर्ती के लिए पहले दिन परीक्षा हुई। इसमें 9720 परीक्षार्थियों में से 3785 अनुपस्थित रहे जबकि 5935 ने ही परीक्षा दी। पहले दिन ही सुरक्षा इंतजामों को लेकर सुरक्षाकर्मियों और परीक्षार्थियों के बीच कई जगह बहस का समाचार है। खासकर महिला परीक्षार्थियों के जेवर व रिबन तक उतरवाने के चलते कई महिला परीक्षार्थी भड़क र्गइं। लेकिन सुरक्षाकर्मियों के आगे उनकी एक ना चली और उन्हें अपनी नोजपिन निकालनी ही पड़ी। जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग के मुताबिक क्लर्क परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है।
जूते-जुराबें, नॉजपिन, रिबन तक उतरवाकर हुई जांच, कड़े पर भी उठाया ऐतराज
शनिवार शाम शुरू हुई क्लर्क परीक्षा की इंट्री के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने गेट पर ही परीक्षार्थियों की बारीकी से जांच पड़ताल की। इस दौरान परीक्षार्थियों के जूते-जुराबें, नोजपिन व रिबन तक उतरवाकर जांच की गई। किसी भी परीक्षार्थी को सिवाय एडमिट कार्ड, आधार कार्ड व फोटो के अलावा कुछ ले जाने की परमिशन नहीं दी गई। उनके बैग, हेलमेट और बाकी सामान सब गेट पर उतरवा दिए गए। इस दौरान कई महिला परीक्षार्थियों ने सुरक्षाकर्मियों से गुहार लगाई कि उनकी कान की बाली या नोजपिन निकल नहीं रही है, लेकिन सुरक्षाकर्मी नहीं माने जिसके चलते कई परीक्षार्थियों को स्वर्णकार के पास जाकर निकलवानी पड़ी।
परीक्षा केंद्रों की परिधि में धारा 144 लागू रही
परीक्षा केंद्रों की परिधि में धारा 144 लागू कर दी गई है। परीक्षा केंद्रो की 500 मीटर की परिधि में सभी फोटोस्टेट की मशीनें बंद रहेगी। परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी पर तैनात अधिकारी व कर्मचारियों के मोबाइल पर भी पाबंदी रही और उनके फोन भी बंद करवाकर जमा कर लिए गए। सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त महाबीर प्रसाद विशेष ऑब्जर्वर व उपमंडलाधीश फतेहाबाद सुरजीत सिंह नैन को ऑल ओवर इंचार्ज नियुक्त किया गया था और अधिकतर अधिकारी परीक्षा से पहले व दौरान में लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।
आज और कल दो शिफ्ट में होगी क्लर्क परीक्षा, सुरक्षा के चाक चौबंद रहेंगे इंतजाम
रविवार और सोमवार को क्लर्क परीक्षा दो शिफ्टों में होगी। पहली शिफ्ट सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी जबकि सांयकालीन शिफ्ट में परीक्षा तीन बजे से साढ़े चार बजे तक होगी। इस दौरान भी सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए जाएंगे। परीक्षा हेतु जिले में 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, हर परीक्षा केंद्र पर 8 पुलिस कर्मचारी तैनात रहे। रविवार और सोमवार की परीक्षा के लिए भी परीक्षा केंद्रों महिला कॉलेज भोडिया खेड़ा के ब्लाक ए व ब्लॉक बी, रामाकृष्णा स्कूल भोडिया, फतेहाबाद के शारदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बाल भारती स्कूल, एमएम बीएड कॉलेज पुरानी बिल्डिंग, एमएम पीजी कॉलेज ब्लॉक ए, ब्लॉक बी, अपेक्स कान्वेंट स्कूल, अपेक्स पब्लिक स्कूल, आर्यभट्ट स्कूल, गांधी विद्या मंदिर स्कूल, डैफोडिल्स स्कूल, बालवाटिका, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सीनियर सेकंडरी स्कूल, टैगोर मॉडल स्कूल, ऑक्सफोर्ड स्कूल, राम सेवा समिति स्कूल, पायनियर कान्वेंट स्कूल, एसबीपी डीएवी स्कूल, स्प्रिंगबेल्स स्कूल, बाल भारती इंटरनेशनल स्कूल, क्रेसेंट स्कूल, क्रेसेंट बीएड कॉलेज, माऊंट लिट्रा स्कूल, डिवाइन स्कूल, दयाराम स्कूल, महाराजा अग्रसैन स्कूल ब्लॉक ए व बी में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।