फतेहाबाद। गांव बरसीन में यात्रियों के लिए बस स्टॉप की सुविधा चार साल में भी उपलब्ध नहीं हो सकी है। गांव की राजनीतिक स्थिति मजबूत होने के बावजूद यात्रियों को बसों के इंतजार में सड़क किनारे या जमीन पर बैठना पड़ रहा है। बारिश से बचाव के लिए बना पुराना बस स्टॉप भी जर्जर हो चुका है।
जिला मुख्यालय से सटा होने के कारण गांव में सुबह से शाम तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बस सेवा आवागमन का प्रमुख साधन है। इसके बावजूद यात्रियों के बैठने और बारिश से बचाव की समुचित व्यवस्था नहीं है।
गांव की जिला परिषद और ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन भी इसी गांव से हैं। ऐसे में ग्रामीणों को उम्मीद थी कि पंचायत का कार्यकाल आगे बढ़ने के साथ गांव की बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार होगा। पंचायत के चार वर्ष पूरे होने के बाद भी बस स्टॉप का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीण रवि कुमार, जय गोपाल, पवन और प्रहलाद ने बताया कि बस स्टॉप की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। यात्रियों को खुले में बस का इंतजार करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत से गांव में सुविधाजनक बस स्टॉप का निर्माण करवाने की मांग की है ताकि विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को राहत मिल सके।
जमीन पर बैठकर करते हैं बस का इंतजार
बस स्टॉप के जर्जर होने के कारण उसके अंदर गंदगी फैली हुई है। वहां पर बैठने के लिए बनी जगह भी टूट चुकी है। इस कारण बस स्टॉप पर बस का इंतजार करने वाले यात्री जमीन पर ही बैठकर बस का इंतजार करते है। जर्जर हो चुके भवन को न तो अभी तक तोड़ा गया है और न ही उसके जगह कोई वैकल्पिक स्थान यात्रियों के लिए दिया गया है। यात्रियों के बैठने के लिए कोई बेंच या अन्य सुविधा नहीं है। कई बार बस के इंतजार में बुजुर्ग और महिलाएं जमीन पर बैठने के लिए मजबूर होते हैं। बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को भी परेशानी होती है।
गांव में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। जगह को लेकर बस स्टॉप का निर्माण कार्य रुका हुआ है। पंचायत का पूरा प्रयास है कि जल्द ही बस स्टॉप पर सभी सुविधाएं दी जाएं।
- विकास कुमार, सरपंच ग्राम पंचायत, गांव बरसीन।