नागरिक अस्पताल में मरीजों की जांच करते चिकित्सक। संवाद
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में करीब दो माह ईएनटी ((कान, नाक, और गला)) की ओपीडी अपनी पुरानी जगह पर शुरू हो गई है। अस्पताल में सुंदरीकरण कार्य के चलते ओपीडी को बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में शुरू किया गया था। हालांकि अभी आपातकाल समेत 10 विशेषज्ञों की ओपीडी दूसरे ब्लॉक में ही चल रही है। इसके चलते डॉक्टरों और मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल के नई 500 एमए की एक्सरे मशीन लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
नवीनीकरण उद्घाटन के बाद काम धीमा होने को लेकर लोक निर्माण विभाग और अस्पताल प्रशासन के अधिकारी मंगलवार को समीक्षा करेंगे। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि ग्राउंड फ्लोर पर ओपीडी कक्षों का काम बीच में अटकने के कारण शिफ्ट नहीं कर पा रहे है। इसके अलावा आपातकाल विभाग भी करीब 15 दिन से ब्लड बैंक में चल रहा है। ऐसे में व्यवस्था बिगड़ी हुई है। अस्पताल की हड्डी रोग, चर्म रोग, नेत्र रोग, मनोचकित्सक, डेंटल सर्जन, एनसीडी क्लीनिक, टीबी रोग विशेषज्ञ की ओपीडी दूसरे ब्लॉक में चल रही है। नागरिक अस्पताल में करीब चार करोड़ से सिविल वर्क और दो करोड़ से इलेक्ट्रिक वर्क चल रहा है। अस्पताल का भवन करीब 45 साल पुराना है।
-
जन औषधि केंद्र भी बंद
नागरिक अस्पताल में सौंदर्यकरण कार्य के चलते जन औषधि केंद्र भी करीब दो माह से बंद है। दवाइयों को बैग में भरकर छोड़ दिया गया है। ऐसे में डिस्पेंसरी न मिलने वाली दवाइयों को मरीज बाहर मेडिकल स्टाेर्स से लेने को मजबूर हैं।
-
नागरिक अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर ओपीडी जल्द शिफ्ट करवाई जाएगी। यहां पर छोटे-छोट काम रहते हैं, जिन्हें लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके जल्द पूरा करवाया जाएगा।
- डॉ.गुंजन बंसल, सहायक एसएमओ, नागरिक अस्पताल