फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में मांगों को लेकर प्रदर्शन करते एनएचएम कर्मचारी
फतेहाबाद। नेशनल हेल्थ मिशन के तहत स्वास्थ्य विभाग में काम कर रहे कर्मचारियों ने पिछले 4 माह से वेतन न मिलने से नाराज होकर सोमवार को नागरिक अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया और सरकार से कर्मचारियों के बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व स्वास्थ्य कर्मचारी संघ संबंधित भारतीय मजदूर संघ के राज्य प्रधान विपिन शर्मा ने किया। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की ओर से वेतन जारी न होने के चलते बहनों ने काली राखी बांधी थी। अब वेतन नहीं दिया तो कर्मचारी जन्माष्टमी त्योहार भी नहीं मना सकेंगे।
स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने सीएम नायब सिंह सैनी व अधिकारियों से संघ के साथ बातचीत कर कर्मचारियों की अन्य समस्याओं जैसे लोकेशन आधारित जियो फेंसिंग हाजिरी लगाने का आदेश वापस लेने, एनएचएम कर्मचारियों को नियमित करने आदि पर भी सकारात्मक कदम उठाने की मांग की है। इस अवसर पर सुभाष यादव, सुल्तान, जितेंद्र, संदीप, सतबीर, सुरेश कुमार, शिव कुमार, राकेश, सतवीर, राकेश शर्मा सहित अनेक एनएचएम कर्मचारी मौजूद रहे।