टोहाना/ कुलां। गांव जापतेवाला में बिजली के पोल पर जंपर लगाने के लिए चढ़े हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत कार्यरत 39 वर्षीय जोनी की करंट लगने से मौत हो गई।
परिजनों ने निगम के अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाते नागरिक अस्पताल में नारेबाजी करते हुए कार्रवाई मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिना कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया। विवाद बढ़ता देख बिजली निगम के एसडीओ गौरव यादव मौके पर पहुंचे तथा लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की बात कही। इसके बाद परिजन माने ओर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया।
जोनी करीब 15 साल से बिजली निगम में डीसी रेट पर कार्यरत था। उसके एक लड़का और एक लड़की है। हरियाणा कौशल रोजगार यूनियन कर्मी यूनियन के प्रधान राजेश कुमार ने निगम के कार्यकारी अभियंता, उपमंडल अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित अन्य कर्मियों पर लापरवाही के आरोप लगाए।
-
आरोप- लाइन बंद करने की गलत जानकारी दी
यूनियन के नेताओं ने कहा मृतक जोनी की ड्यूटी जापतेवाला गांव में थी तभी लाइनमैन गुरप्रीत उसे जंपर ठीक करवाने के लिए साथ ले गया और कहा कि लाइन बंद कर दी है पोल पर चढकर ठीक करके आ जाओ। जोनी बिजली ठीक करने गया तो करंट का झटका लगते वह नीचे गिर गया। उसे नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां से हिसार रेफर कर दिया लेकिन उसने रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारी ने लाइन बंद करने की गलत जानकारी दी।
-
बारिश के कारण लाइन में करंट के कारण कर्मचारी हादसे का शिकार हुआ है। सूचना के बाद वह स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचें थे। घटना की सूचना परिजनों को देकर कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गौरव यादव, एसडीओ
-
हादसे की रिपोर्ट तैयार करके उच्च अधिकारियों को भेज दी है। दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
कृष्ण कुमार, कार्यकारी अभियंता बिजली निगम टोहाना।