पुलिस स्टेशन में हाई वोल्टेज बिजली से खराब हुई मशीनों को ठीक करते हुए।
- फोटो : Fatehabad
बिजली के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से हाई वोल्टेज सप्लाई सीधी होने के कारण पुलिस स्टेशन में लाखों रुपये के बिजली यंत्र खराब हो गए। जिससे पूरे दिन पुलिस थाने के कार्य प्रभावित रहे। हिसार की टीम ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर बिजली से जली हुई कई मशीनों को बदला और रिपेयरिंग कार्य करके व्यवस्था को ठीक किया जा रहा था जो मशीनें खराब हुई है उनकी कीमत लगभग एक लाख 60 हजार बताई गई है। पुलिस थाने के कार्यवाहक मुख्य लिपिक एएसआई बहादुर सिंह ने बताया कि रविवार को अचानक बिजली के शार्ट सर्किट के कारण थाने की सप्लाई सीधी हो गई थी जिसके कारण हाई वोल्टेज बिजली आने से कई यंत्र जल गए और खराब हो गए। जिसके कारण लगातार कई घंटों से कंप्यूटर प्रणाली व्यवस्था बिल्कुल ठप हो गई। घटना की सूचना बिजली विभाग व संबंधित कंपनी को दी गई। ट्रांसफार्मर की तकनीकी खराबी को बिजली विभाग ने ठीक किया। जबकि पुलिस स्टेशन में जले गए यंत्रों को हिसार की एक कंपनी के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर यंत्रों को बदलना तथा ठीक करना शुरू किया हुआ है। पुलिस स्टेशन मे लाखों रुपये के हाई वोल्टेज बिजली के आने से यंत्र जलकर खराब हो गए हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली की हाई वोल्टेज से कई यंत्र खराब हुए हैं। जिनको ठीक करने का कार्य जोरों पर चल रहा है। मंगलवार तक पूरी व्यवस्था ठीक हो जाएगी।