फतेहाबाद। डीसी मनदीप कौर शुक्रवार को निरीक्षण के लिए निकली। उन्होंने सबसे पहले गांव भोड़िया खेड़ा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय महिला महाविद्यालय में निरीक्षण किया। इसके बाद अनाज मंडी, नगर परिषद, बीडीपीओ, आरटीए कार्यालय व नागरिक अस्पताल का दौरा किया। नागरिक अस्पताल में निरीक्षण के दौरान मरीज व स्टाफ बिना मास्क मिले। सफाई व्यवस्था भी खराब दिखी। डीसी ने सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
नागरिक अस्पताल में सुबह साढ़े 10 बजे पहुंची डीसी ने मरीजों से फीडबैक लिया। इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ नागरिक 93 वर्षीय शकुंतला देवी उनसे मिली और अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता न होने के बारे में अवगत करवाया। शकुंतला देवी को लिखी गई दवाइयों में से एक दवाई नागरिक अस्पताल के स्टॉक में उपलब्ध नहीं थी। इस पर डीसी ने निर्देश दिए कि मरीजों को लिखकर दी जाने वाली दवाइयां अस्पताल में होनी चाहिए।
अस्पताल में बीएसएफ में तैनात पवन शर्मा के पिता डीसी से मिले और कहा कि उनका बेटा बीएसएफ में तैनात है और उनका इलाज मनोचिकित्सक से हो रहा है। कोविड पॉजिटिव होने के कारण मनोचिकित्सक ओपीडी में नहीं हैं, इस वजह से उन्हें दिक्कत है। डीसी ने अधिकारियों से कहा कि अगर कोई डॉक्टर कोविड पॉजिटिव है तो उसकी वैकल्पिक व्यवस्था करवाई जाए ताकि मरीज परेशान न हों। डीसी ने जन्म-मृत्यु दर कार्यालय का भी निरीक्षण किया और रिकॉर्ड को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
जब डीसी ने कहा कि राशन कार्ड बनने के बाद खुद फोन करेंगी
डीसी मनदीप कौर ने फतेहाबाद बीडीपीओ कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां बीडीपीओ नहीं मिले, जोनल मैनेजर भी एडीसी कार्यालय गए हुए थे। गांव मानावाली निवासी जगदीश ने डीसी को राशन कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कत के बारे में बताया। डीसी ने बीडीपीओ कार्यालय में कार्यरत एसईपीओ को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिक की राशन कार्ड से संबंधित समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। डीसी ने वरिष्ठ नागरिक जगदीश का स्वयं मोबाइल नंबर लिया और कहा कि वे राशन कार्ड संबंधित काम होने के बाद उन्हें फोन करेंगी। उपायुक्त ने नगर परिषद कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां ईओ के बारे में पूछा तो बताया गया कि वह चंडीगढ़ ट्रेनिंग में गए हुए हैं। इसके बाद गृहकर शाखा में पहुंची और टैक्स भरने आए लोगों से फीडबैक लिया।
प्राचार्य मिले अनुपस्थित, डीसी ने जारी किया नोटिस
उपायुक्त मनदीप कौर ने शुक्रवार को भोड़िया खेड़ा स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय का भी औचक निरीक्षण किया और कॉलेज में स्टाफ की हाजिरी का अवलोकन किया। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजेश मेहता अनुपस्थित मिले। उपायुक्त ने प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उपायुक्त ने भोड़िया खेड़ा के ही राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में चल रहे विकास कार्यों की रिपोर्ट ली। उन्होंने विद्यालय में भी स्टाफ का हाजिरी रजिस्टर जांचा।
कोट
शुक्रवार को कई कार्यालयों का निरीक्षण किया है। प्राचार्य कॉलेज में नहीं मिले, इसलिए कारण बताओ नोटिस दिया है। बाकी कुछ जगह सफाई की कमी दिखी है। ऐसे निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे।
-मनदीप कौर, डीसी, फतेहाबाद