नागरिक अस्पताल में मृतक के परिजन पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए : संवाद
रतिया। सरदूलगढ़ कैंची-फतेहाबाद रोड पर सोमवार देर शाम ट्रैक्टर-लोडर की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग जीत सिंह (65) की मौत हो गई। मंगलवार को परिजनों ने कार्रवाई की मांग पर पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
वार्ड 15 निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता जीत सिंह सोमवार शाम करीब सवा सात बजे साइकिल से घर लौट रहे थे। महांगा सिंह वर्क्स की गली के पास वर्कशॉप में खड़े ट्रैक्टर-लोडर को बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान लोडर की चपेट में आने से जीत सिंह ट्रैक्टर-लोडर और गली की दीवार के बीच दब गए।
हादसे में उनके सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गली की दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। परिजनों और राहगीरों ने घायल जीत सिंह को नागरिक अस्पताल रतिया पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन
मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान परिजनों ने रोष जताया। उन्होंने कहा कि जब तक हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं होती तब तक पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे और शव भी नहीं लेंगे। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी परवीन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर-लोडर कब्जे में ले लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि वर्कशॉप संचालक के बेटे और लोडर चालक सुखविंदर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।