फतेहाबाद। गांव बोदीवाली में शुक्रवार दोपहर को पड़ोसियों के कुत्ते ने एक बुजुर्ग पर हमला बोल दिया। कुत्ते ने बुजुर्ग की दोनों बाजुओं पर बुरी तरह काट लिया। इसके बाद बुजुर्ग को नागरिक अस्पताल में लाया गया। वहीं, शहर के डीएसपी रोड पर 12 वर्ष के एक बच्चे पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। उसे भी अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया। गांव बोदीवाली निवासी जय सिंह ने बताया कि दोपहर को वह अपनी ढाणी में खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस की ढाणी का पालतू कुत्ता वहां आ गया और आते ही उस पर झपट पड़ा। उसने अपने बचाव के लिए हाथ आगे किए तो कुत्ते ने दोनों बाजू पर काट लिया। उसने शोर मचाया तो परिजन वहां पर पहुंचे और कुत्ते से उसे छुड़ाया। नागरिक अस्पताल में लाने पर चिकित्सक ने दोनों बाजूओं पर टांके लगाए हैं।