फतेहाबाद। गांव गिल्लांखेड़ा के पास एक बुजुर्ग को कार चालक ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी ली और मृतक के पोते की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी कार चालक मौके से फरार बताया गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव गिल्लाखेड़ा निवासी संदीप ने बताया कि मैं अपने दादा बूटा सिंह के साथ 18 दिसंबर की दोपहर को गांव के पूर्व सरपंच धीरज सिंह के अमरूद के बाग में काम कर रहा था। काम करते हुए दोपहर मेरे दादा बाग के पास सड़क के दूसरी तरफ बने बाथरूम में लघुशंका के लिए गए थे। लघुशंका के बाद जब लौट रहे थे तो एक तेज रफ्तार कार ने दादा को टक्कर मार दी जिससे उन्हें गंभीर चोटें लगी। संदीप ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया और आसपास के लोगों की मदद से वह अपने दादा को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में लेकर आया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने संदीप की शिकायत पर आरोपी अज्ञात कार चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 व 304ए के तहत केस दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।