फतेहाबाद/भूना। भूना शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। रामा कृष्णा कला मंच के तत्वावधान में कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दुड़ाराम होंगे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका के वाइस चेयरमैन नरेंद्र बागड़ी शिरकत करेंगे।
खास बात यह है कि रावण का पुतला ग्रीन पटाखों से तैयार किया गया है इससे प्रदूषण नहीं होगा। पुतले का दहन कंप्यूटराइज्ड रिमोट कंट्रोल से किया जाएगा जो तकनीकी रूप से एक नया अनुभव देगा। दूसरा रावण दहन कार्यक्रम जय श्रीराम कला मंच ट्रस्ट भूना की ओर से लॉर्ड कृष्णा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
यहां 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन समाजसेवी भूपेंद्र सिंह और नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि पंकज पसरीजा की ओर से रिमोट कंट्रोल से किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलेगा बल्कि आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी लोगों तक पहुंचेगा।
इस पुतले में विशेष प्रकार के आधुनिक पटाखों का इस्तेमाल किया गया है, जो दहन के दौरान रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरेंगे और दर्शकों के लिए एक मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों ने सुरक्षा, ट्रैफिक और अन्य व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन के साथ तालमेल कर पूरी तैयारी कर ली है।
भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, सेक्टर 10 के मैदान में होगा आयोजन
फतेहाबाद शहर में सर्व समाज त्योहार सेवा ट्रस्ट की ओर से वीरवार को शहर सेक्टर 10 में दशहरा पर्व मनाया जाएगा। दशहरा पर दहन के लिए रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के बनाने का काम पूरा कर लिया गया है। रावण के 45 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा। इससे पहले शोभा यात्रा निकलेगी। ये यात्रा दोपहर 3:15 बजे श्री कृष्णा सेवा समिति धर्मशाला, जवाहर चौक से रवाना होकर जवाहर चौक, थाना रोड, फव्वारा चौक, लालबत्ती चौक, परशुराम चौक, फतेहाबाद- हिसार रोड से होते हुए बीघड़ रोड और मिनी बाईपास से नजदीक पुलिस थाना शहर, सेक्टर 10 में पहुंचेगी। सर्व समाज त्योहार सेवा ट्रस्ट के संरक्षक पंडित चरणजीत शर्मा ने बताया कि सांय 5:15 बजे मिनी बाईपास, सेक्टर 10 में रावण दहन होगा। मुख्य अतिथि विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया होंगे और अध्यक्षता जिला परिषद चेयरपर्सन एडवोकेट सुमन सुभाष खिचड़ करेंगी। वहीं शोभा यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा बतौर मुख्य अतिथि रवाना करेंगे, जबकि अध्यक्षता नगर परिषद उपप्रधान सविता टुटेजा करेंगी।