हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से मंगलवार को सीनियर सेकेंडरी कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। जिले का परीक्षा परिणाम इस बार 83.89 फीसदी रहा है। पिछले साल की तुलना में इस बार परिणाम 3.97 फीसदी बेहतर रहा है। जिले का प्रदेश में इस बार छठा स्थान रहा है। जबकि पिछले साल जिला दूसरे स्थान पर रहा था। कॉसर्म संकाय में प्रदेश में शारदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र संयम भ्याना ने 498 अंक लेकर प्रथम तथा भूना के न्यू सन राइज स्कूल की छात्रा सिमरन ने 495 अंक लेकर तीसरा स्थान पाया है।
परिणाम घोषित होने के बाद बेबसाइट में दिक्कत होने के कारण छात्रों को परिणाम देखने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि परिणाम देखने को लेकर छात्र उत्सुक रहे। शिक्षा बोर्ड की तरफ से जारी परिणाम के मुताबिक जिला के 7817 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, इसमें से 6558 विद्यार्थी पास हुए हैं। 1034 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है। 225 छात्र फेल हुए हैं। पिछले साल जिला का परीक्षा परिणाम 79.92 फीसदी रहा था। 2018 में परीक्षा परिणाम 68.08 तथा 2017 में जिला का परीक्षा परिणाम 71.23 फीसदी रहा था। अहम बात यह है कि सरकारी स्कूल के तीन विद्यार्थी भी जिला के टॉप टेन में रहे हैं।
ये रहे जिला के टॉप टेन में
अंक छात्र स्कूल
498 संयम शारदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल फतेहाबाद
495 सिमरन न्यू सन राइज सीनियर सेकेंडरी स्कूल भूना
494 भारत शारदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल फतेहाबाद
492 शीतल रानी मॉडल केएम स्कूल डांगरा
492 अक्षदीप आरोही मॉडल स्कूल जलोपुर
491 पूनम राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल शेखुपुर दड़ोली
490 साक्षी शांति निकेतन स्कूल भूना
490 डिंपल अमर ज्योति स्कूल भूथनकलां
490 यशवंती आरोही स्कूल बनगांव
490 कीर्ति देवी अमर ज्योति स्कूल भूथनकलां
प्राइवेट पास फीसदी रहा मात्र 40.35 फीसदी
जिले का प्राइवेट विद्यार्थियों का पास फीसदी मात्र 40.35 फीसदी रहा है। जिला के 461 प्राइवेट विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, इसमें से 186 विद्यार्थी पास हुए है। 140 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है और 135 विद्यार्थी फेल हो गए।
चार फीसदी बढ़ा है जिले का परीक्षा परिणाम : डीईओ
जिला का परीक्षा परिणाम पिछले साल की तुलना में बेहतर रहा है। इस बार करीब चार फीसदी परीक्षा परिणाम बढ़ा है। सरकारी स्कूल के विद्यार्थी भी टॉप टेन में शामिल है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
- दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी