फतेहाबाद। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करने के लिए शिक्षा विभाग अब बुनियाद योजना लेकर आया है। नौंवी कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना और नेशनल टैलेंट सर्च परीक्षा के लिए तैयार करेगा। इन परीक्षाओं को पास करने के बाद विद्यार्थी देश के सबसे बड़े संस्थान बंगलूरू के आईआईएसईआर में दाखिला ले पाएंगे। लेकिन इसको लेकर राह आसान नहीं है। बुनियाद योजना में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को तीन चरणों को पार करना होगा। जिले से नौवीं कक्षा के 10952 विद्यार्थियों में से अब तक 1909 ही आवेदन कर पाएं हैं।
शिक्षा विभाग ने इसको लेकर शेड्यूल जारी कर दिया है। विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन के बाद खंड स्तर पर परीक्षा ली जाएगी, जिले से 600 विद्यार्थियों का चयन लेवल दो की परीक्षा के लिए किया जाएगा। लेवल दो की परीक्षा में पाए हुए 600 विद्यार्थियों की जिला स्तर पर परीक्षा ली जाएगी, इसके बाद जिले से 400 विद्यार्थियों को लेवल तीन की परीक्षा के लिए चयन किया जाएगा। लेवल तीन की परीक्षा राज्य स्तरीय होगी, जिसमें जिले से 100 से 150 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। बता दें कि बुनियाद योजना के तहत चयनित होने वाले विद्यार्थियों को फतेहाबाद और टोहाना में बनाए गए सेंटरों पर कोचिंग दी जाएगी। जिले से 150 विद्यार्थियों का चयन होगा। यानी की 75-75 विद्यार्थियों को एक-एक सेंटर पर कोचिंग दी जाएगी। संवाद
अब तक हुए आवेदन
खंड आवेदन
रतिया 517
फतेहाबाद 503
टोहाना 363
भूना 322
भट्टूकलां 214
जाखल 81
दो दिन सेंटर तो चार दिन स्कूल में पढ़ेगा विद्यार्थी
विद्यार्थी को शिक्षा विभाग को सेंटर तक आने-जाने का किराया और वर्दी देगा। इसके अलावा टैबलेट भी दिए जाएंगे। अधिकारियों की माने तो विद्यार्थियों को दो दिन सेंटर पर कोचिंग दी जाएगी। यहां पर विकल्प फाउंडेशन के शिक्षक रेवाड़ी से आनलाइन पढ़ाएंगे। इसके अलावा चार दिन विद्यार्थी स्कूल जाकर पढ़ेगा और शाम को आनलाइन कोचिंग दी जाएगी।
देश के बड़े संस्थानों में दाखिले के लिए तैयार होंगे विद्यार्थी
योजना का मकसद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय की कोचिंग देगा। यहां से कोचिंग लेने के बाद विद्यार्थी देश के बड़े संस्थानों में दाखिले के लिए होने वाली परीक्षाओं को दे सकेंगे।
कोट
बुनियाद योजना के तहत नौवीं कक्षा में पढ़ रहा सरकारी स्कूल का विद्यार्थी आवेदन कर सकता है। योजना के चयनित होने के लिए विद्यार्थी को तीन स्तर पर परीक्षा देनी होगी। सरकारी की ये अच्छी योजना है। बड़े संस्थानों में दाखिला लेने के निए विद्यार्थियों को तैयार किया जा रहा है।
-रमेश कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ