फतेहाबाद/रतिया/जाखल। सावन माह के दूसरे दिन भी लगातार फतेहाबाद बारिश की बूंदों से सरोबार रहा। शुक्रवार को फतेहाबाद व रतिया शहर में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। जिले में शुक्रवार को ओवर ऑल 13 एमएम बारिश हुई। बारिश के बाद शहरी क्षेत्र में लोगों को जलभराव से जूझना पड़ा। बारिश के कारण जाखल में एक मकान की छत गिर गई, वहीं रतिया में जल निकासी न होने के कारण लोगों ने रोष प्रदर्शन किया।
फतेहाबाद व रतिया में दिनभर रुक रुककर बारिश होती रही। बारिश फसलों के लिए भी काफी अच्छी बताई गई है। कृषि विभाग के अनुसार, बारिश से धान की रोपाई में काफी तेजी आई है। इस बार बारिश के सहारे ही धान का रकबा लक्ष्य से ऊपर जाने की संभावना है। फतेहाबाद शहर में सुबह जहां ठंडी हवाएं चल रही थी, वहीं दोपहर आते-आते तेज बारिश आरंभ हो गई। करीब एक घंटे तक हुई बारिश एक बार थमी ही थी कि एक बार फिर शहर में घनघोर घटा छा गई और बारिश होने लगी। बारिश के कारण शहर का ऐसा कोई कोना नहीं था, जहां जलभराव की स्थिति न हो। जवाहर चौक, जीटी रोड, लालबत्ती चौक, एमएम कॉलेज रोड, पपीहा पार्क रोड, धर्मशाला रोड, बस स्टैंड, नागरिक अस्पताल, मॉडल टाउन क्षेत्र सहित शहर के सभी हिस्सों में भारी जलभराव देखा गया, जिस कारण पैदल व दोपहिया वाहन चालकों को परेशानियों से दो चार होना पड़ा। कचहरी रोड व बीघड़ मोड़ पर अधिक जलभराव के कारण कई वाहन बंद हो गए।
जलनिकासी न होने पर रतिया में जताया रोष
रतिया में शुक्रवार को आई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में पानी जमा हो गया, जिसके बाद गुस्साए टिब्बा कॉलोनीवासियों ने नगरपालिका के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपना रोष जताया। टिब्बा कॉलोनी निवासी सतीश कुमार, विपिन कुमार, सुरेश कुमार, रमेश, कपिल, लोकेश कुमार, बब्बू, शम्मी, मनोज कुमार आदि लोगों ने बताया कि उनके मोहल्ले में नगरपालिका द्वारा कुछ समय पहले गलियों का निर्माण किया गया था, लेकिन निर्माण के दौरान पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई। कुछ गलियों का लेवल नीचा हो गया, जिस कारण उनकी गलियों में कई-कई फुट बारिश का पानी जमा हो गया। कुछ लोगों के घरों में भी पानी भर गया। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि कुछ समय पूर्व लाखों रुपये की लागत से निर्मित की गई गलियां भी पानी में बह गई है।
जाखल में गिरी मकान की छत
शुक्रवार को हुई बारिश के कारण जाखल खंड के गांव म्योंद खुर्द में ग्रामीण परमिंद्र सिंह के मकान की छत गिर गई। गनीमत रही कि परिवार इस हादसे में बाल-बाल बच गया। परमिंद्र सिंह ने बताया कि वीरवार से हो रही बारिश के कारण मकान की छत शुक्रवार सुबह नौ बजे भरभरा कर गिर गई। परिवार के सदस्य उस समय घर के बाहर खड़े थे, जिससे बड़ा हादसा होते होते टल गया। छत गिरने से उसके घर में रखा घरेलू सामान, ट्रंक व पेटी आदि नष्ट हो गए। उसने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। उसने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।
जिले में हुई बारिश
खंड बारिश
फतेहाबाद 20एमएम
रतिया 37एमएम
कुलां 14एमएम
भट्टू कलां 8एमएम
जाखल 6एमएम
टोहाना 4एमएम
भूना 3एमएम
कोट
फिलहाल हो रही बारिश का फसलों को फायदा पहुंच रहा है। धान की रोपाई लगातार जारी है। अन्य फसलों में भी लाभ मिलेगाो। खासकर, बारानी क्षेत्र के लिए बारिश संजीवनी बनेगी।
-डॉ. राजेश सिहाग, उपनिदेशक, कृषि विभाग
फतेहाबाद के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के बाहर हुए जलभराव से निकलते विद्यार्थी।- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद के जीटी रोड पर जलभराव के बीच से गुजरता ट्रक।- फोटो : Fatehabad