संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी
फतेहाबाद। निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर शिक्षा विभाग अब सख्ती के मूड में है। जिले के 59 क्लस्टरों में टीमें गठित की जा रही हैं, ये टीमें अपने क्लस्टर के निजी स्कूलों की चेकिंग करेंगी। निजी स्कूल के मान्यता और गैर मान्यता की रिपोर्ट लेंगी। अगर गैर मान्यता स्कूल में दाखिले होते मिले तो विभाग कार्रवाई करेगा।
इसके अलावा स्कूलों में किताबों, वर्दी की भी चेकिंग की जाएगी। विभाग के पास शिकायतें आ रही हैं कि कई निजी स्कूलों में ही किताबें और वर्दी खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। निरीक्षण को लेकर शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने बीईओ को निर्देश जारी किए है। बीईओ को प्रत्येक क्लस्टर पर टीम का गठन करना होगा। यानि 59 टीमें 240 निजी स्कूलों में जाकर जांच करेंगी और बीईओ को रिपोर्ट देंगी।
-
मान्यता से ज्यादा कक्षा में दाखिला दिया तो होगी कार्रवाई
डीईओ ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि निजी स्कूल को जहां तक मान्यता मिली है वह उसी कक्षा तक दाखिला करें। अगर मान्यता आठवीं कक्षा तक है और दाखिला 10वीं या 12वीं कक्षा तक मिला तो कार्रवाई होगी।
स्कूल बसों की करेंगे चेकिंग
क्लस्टर स्तर पर गठित की गई टीमें स्कूलों में सुरक्षित वाहन पॉलिसी के तहत बसों की भी चेकिंग करेंगी। विभाग द्वारा जो नियम तय किए गए हैं उन्हें जांचा जाएगा। इसके अलावा रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी कि किस स्कूल के पास कितनी बसें हैं।
-
जिले में 86 हजार विद्यार्थियों के हुए राजकीय स्कूलों में दाखिले
सरकारी स्कूलों में प्रवेश उत्सव के तहत अब तक 86, 206 विद्यार्थियों के दाखिले हो चुके हैं। विभाग ने करीब 21 हजार दाखिले बढ़ाने का लक्ष्य दिया है। हालांकि अभी तक आंकड़ा कम है। विभाग ने 1 लाख 21 हजार 784 विद्यार्थियों का लक्ष्य दिया है। पिछले सत्र में जिले में 100406 दाखिले हुए थे। जिले में 620 राजकीय स्कूल हैं।
-
जिले में 59 क्लस्टर हैं। प्रत्येक क्लस्टर की एक टीम गठित की जाएगी। ये टीम बीईओ गठित करेंगे। टीमें निजी स्कूलों में जाकर निरीक्षण करेंगी कि नियमों की पालना हो रही है या नहीं हो रही है। अगर नहीं हो रही है तो इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दी जाएगी।
- संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी