सिरसा। जजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को शहर के एक निजी संस्थान में हुई। इसमें पूर्व उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह उचाना से चुनाव लड़ेंगे और 5 सितंबर को अपना नामांकन भरेंगे। बैठक में जजपा के अन्य संभावित प्रत्याशियों के नामों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, पार्टी की पॉलीटिकल अफेयर्स कमेटी व पार्टी की सलाहकार समिति के सदस्य मौजूद रहे।
पूर्व डिप्टी सीएम ने नारा दिया कि जो जीतेगा उचाना, वो जीतेगा हरियाणा। उन्होंने कहा कि वे उचाना में 8 बार चुनाव में शिरकत कर चुके हैं। ऐसे में उचाना के मतदाताओं ने उन्हें भरपूर प्यार व समर्थन दिया है।
पूर्व डिप्टी सीएम ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि उनके पास अपने उम्मीदवार नहीं हैं और जो उम्मीदवारी का दावा जताते थे वे भी चुनाव लड़ने से कतरा रहे हैं। ऐसे में भाजपा दूसरी पार्टियों से उम्मीदवार उधार लेकर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जजपा से भी 6 उम्मीदवार उधार लेकर चुनावी क्षेत्र में है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वे एक कटी पतंग बन चुके हैं। उनके पार्टी के अध्यक्ष कभी लाडवा से तो कभी वे स्वयं करनाल से चुनाव लड़ने की बात करते हैं। ऐसे में पार्टी के नायक मुख्यमंत्री भी चुनाव लड़ने में असमंजस में हैं।
हरियाणा में लागू की जाएगी जननायक फसल सुरक्षा योजना
बैठक में जजपा नेताओं ने घोषणापत्र के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस मौके पर घोषणापत्र के कुछ अंशों पर सर्वसम्मति बनी। इसमें मुख्य रूप से किसान कर्ज माफी योजना लागू करने पर सहमति बनी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में जजपा की सरकार बनने पर किसानों की फसल खराब होने पर 25 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसानों को प्रीमियम भरने में खासी दिक्कतें आती हैं, इन्हें दूर करने के लिए हरियाणा में जननायक फसल सुरक्षा योजना लागू की जाएगी। इसमें किसानों का प्रीमियम जजपा सरकार की ओर से भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि को-ऑपरेटिस स्टोर्स के बूथों पर महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। शिक्षा क्षेत्र में भी स्कूल, कॉलेज व यूनिवर्सिटी के शिक्षकों की भर्ती में 50 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी।
17 जिलों के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर हुई चर्चा
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अभी तक 17 जिलों के जिला अध्यक्षों, हलका अध्यक्षों व अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की जा चुकी है। शेष 5 जिलों में अपनी गठबंधन की सहयोगी पार्टी एएसपी से चर्चा कर नामों पर सहमति बनाई जाएगी। अंतिम फैसला होने पर दोनों पार्टियों की संयुक्त बैनर तले नाम घोषित किए जाएंगे। इस बैठक के बाद उन्होंने फतेहाबाद व सिरसा जिले की कार्यकारिणी व पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की और दोनों जिलों के विधानसभा के संभावित उम्मीदवारों पर भी मंथन किया।