फतेहाबाद के भट्टू रोड पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें।
फतेहाबाद। शहर के भट्टू रोड पर मिनी बाइपास चौक से लेकर राजकीय महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा तक लगाइ गई स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन को लेकर दो विभागों में खींचतान शुरू हो गई है। हालात ये है कि स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद भी आधा किलोमीटर का क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ है। इससे रात में राहगीरों के साथ वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
लोक निर्माण विभाग ने बिजली मीटर लगाने के लिए विद्युत निगम को सिक्योरिटी राशि जमा करवाई लेकिन बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर का लोड बढ़ाने के लिए एस्टीमेट लोक निर्माण विभाग को थमा दिया है। लेकिन लोक निर्माण विभाग प्रशासन ट्रांसफार्मर लोड बढ़ाने का खर्च देने के मूड में नहीं है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोड कम या बढ़ाने की जिम्मेदारी बिजली निगम की है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि इसको लेकर मामला अब डीसी के पास पहुंच चुका है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से पंजाब सीमा के साथ लगते गांव ब्राह्मणवाला से लेकर राजस्थान सीमा के साथ लगते गांव रामसरा तक के मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई गई है।
इसके तहत शहर फतेहाबाद में भट्टू रोड पर सिंचाई विभाग कार्यालय तक रोड को चौड़ा किया गया है। लोक निर्माण विभाग ने भट्टू रोड पर मिनी बाइपास चौक से लेकर राजकीय महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा तक करीब तीन माह पहले लाइटें लगाई गई। करीब एक माह पहले लोक निर्माण विभाग ने स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन को लेकर बिजली निगम को मीटर के लिए 22400 रुपये की सिक्योरिटी राशि जमा करवाई। लेकिन अब ट्रांसफार्मर को लेकर विवाद शुरू हो गया है।