फतेहाबाद। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों को बिजली का बिल भरने के लिए पर्याप्त बजट न मिलने से कई केंद्रों का छह महीने से अधिक समय से बिल लंबित है। बिजली निगम ने कई केंद्रों को नोटिस देने के बावजूद भुगतान न होने पर कनेक्शन काट दिए हैं।
कुछ केंद्रों में बिल तुरंत जमा कर कनेक्शन फिर से जोड़े गए, जबकि कई स्थानों पर फिलहाल इनवर्टर बैटरी के सहारे बिजली व्यवस्था चल रही है। गांव दरियापुर स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र का बिजली कनेक्शन सात दिन पहले काट दिया गया। इससे स्वास्थ्य कर्मचारी परेशान हैं और इलाज के लिए आने वाले ग्रामीणों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्र का 4,100 रुपये का बिल पिछले छह माह से लंबित था। प्रबंधन ने बताया कि सोमवार को बिल जमा कर दिया गया, लेकिन अभी तक मीटर नहीं लगाया गया है, जिसके लिए आवेदन मांगा गया है। सूत्रों के अनुसार, गांव सरवपुर और कुकड़ावाली के उपस्वास्थ्य केंद्रों में भी इसी तरह की समस्या बनी रही। बिजली कटौती के कारण स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
बजट का अभाव से कटा कनेक्शन
गांव दरियापुर के ग्रामीणों राजेंद्र, महेंद्र और दीपचंद आदि का का कहना है कि सरकार एक तरफ डिजिटल इंडिया और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ मामूली बिल राशि के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की बिजली काट दी जाती है। बिजली बिल का भुगतान न होने का कारण बजट की अनुपलब्धता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बजट जारी नहीं किया गया, जिसकी वजह से समय पर बिल जमा नहीं हो सका। यह स्थिति स्वास्थ्य विभाग की प्रशासनिक कार्यप्रणाली की कमी को भी उजागर करती है।
-
:: आपके माध्यम से मामला संज्ञान में आया है। स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग का कनेक्शन निगम की ओर से जल्दी सी नहीं काटा जाता है। वहीं अगर लंबे समय से बिल नहीं जमा नहीं होता है मजबूरन कनेक्शन काटना पड़ सकता है।
-रिपनदीप, एसडीओ, अर्द्ध शहरी बिजली निगम फतेहाबाद।
-
उप स्वास्थ्य केंद्र दरियापुर का बिल बकाया होने का मामला संज्ञान में आया था। इस संबंध में संबंधित इंचार्ज को बिल भरने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा गया था।
-डॉ. सुरेंद्र, इंचार्ज, पीएचसी खैराती खेड़ा।