फतेहाबाद। गांव भोडा होशनाक के पास स्थित होटल में शनिवार देर रात को शराब के नशे में धुत युवकों ने होटल में तोड़फोड़ की और होटल मैनेजर विवेक से मारपीट की। फतेहाबाद सदर पुलिस ने इस संबंध में होटल के मैनेजर की शिकायत पर सुमित, अंकित, साहिल, भीमा व संदीप निवासी गांव किरमारा तथा दो-तीन अन्य युवकों के खिलाफ मारपीट करने व तोड़फोड़ करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में विवेक ने बताया कि वह भोडा होशनाक के पास अमरीक होटल में मैनेजर केे तौर पर कार्य करता है। शनिवार रात को करीब साढ़े 12 बजे जब वह होटल में बैठा था तो एक कार में सवार होकर उपरोक्त युवक होटल के अंदर घुस आए और स्टाफ से गाली गलौच करने लगे और उनके साथ हाथापाई की। जब वह होटल से बाहर जाने लगा तो उपरोक्त युवक जोकि नशे की हालत में थे, उन्होंने मेरा रास्ता रोक लिया और मुझसे धक्का मुक्की की। यही नहीं युवकों ने होटल की डेकोरेशन को तोड़ दिया और ग्राहकों को भाग दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सदर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।
होटल में कुुछ युवकों द्वारा तोड़ फोड़ करने व स्टाफ से मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में होटल मैनेजर की शिकायत पर युवकों पर केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश आरंभ कर दी गई है।
रुपेश चौधरी, एसएचओ थाना सदर फतेहाबाद।