फतेहाबाद/टोहाना। टोहाना के हिसार रोड पर स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने वाहन चालक द्वारा टक्कर मारने से घायल हुए युवक ने दूसरे दिन दम तोड़ दिया है। गंभीर रूप से घायल हुए युवक को अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था, जहां से परिजन उसे हिसार के निजी अस्पताल में ले गए थे। शनिवार रात को युवक ने दम तोड़ दिया। टोहाना शहर पुलिस ने इस संबंध में मृतक के भाई सीमापुरी कॉलोनी टोहाना निवासी सोनू की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सोनू ने बताया कि उसका छोटा भाई 25 वर्षीय राकेश शुक्रवार शाम को करीब सात बजे पैदल चाचा गमदूर के पास जा रहा था। जैसे ही वह राधा स्वामी सत्संग भवन के पास पहुंचा तो किसी वाहन के चालक ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसका भाई राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन चालक टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने उसके भाई को नागरिक अस्पताल टोहाना में भर्ती करवाया और परिजनों को सूचना दी। जब वह अस्पताल पहुंचा तो उसके भाई को काफी गंभीर चोटें आई हुई थी। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत के चलते उसे अग्रोहा रेफर कर दिया। जहां से वे उसे हिसार के निजी अस्पताल में लेकर गए। शनिवार रात को उसके भाई ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।