भूना। नशे की बड़ी खेप और नोट गिनने की मशीन के साथ पकड़ा गया आकाश उर्फ रिंकू ने पुलिस रेड से बचने व पुलिस को चकमा देने के लिए अपने घर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हुए थे। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि हरियाणा की सीमा के साथ लगते पंजाब के सभी गांव शहरों में आकाश का नेटवर्क फैला हुआ है। दर्जनभर नशे से जुड़े लोग उसके घर पर गांजा, हेरोइन व स्मैक जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ खरीदने के लिए आते थे। बुधवार को सीआईए टीम ने आकाश उर्फ रिंकू को अदालत में पेश किया। जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान और अधिक खुलासे हो सकते हैं।
इन तथ्यों को आधार बनाकर मांगा आरोपी का रिमांड
पुलिस ने आरोपी रिंकू को रिमांड पर लेने के लिए बुधवार को अदालत में पेश किया गया। जहां पर पुलिस ने अलग-अलग तथ्यों के आधार पर रिमांड मांगा। पुलिस ने अदालत के समक्ष बताया कि आरोपी रिंकू क्षेत्र में नशे का बड़ा कारोबारी बन चुका है। आकाश ने दिल्ली के नाइजीरियन से हेरोइन खरीदी थी, अब पुलिस बयानों के आधार पर दिल्ली जाकर नाइजीरियन को पकड़ना चाहती है, जिसके लिए आकाश के आकाश को साथ लेकर निशानदेही करवाई जाएगी। इसके अलावा रिंकू की निशानदेही पर भटिंडा से स्विफ्ट कार बरामद करनी है। आकाश ने जींद से गांजा खरीदा था, इस जगह पर भी पुलिस को निशानदेही करनी है ताकि नशा तस्करी के इस जाल को खत्म किया जा सके। इन्हीं तथ्यों के आधार पर आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर पुलिस हिरासत में दे दिया गया है।
---------------------
पंजाब तक फैला है नेटवर्क, फोन पर होती थी सारी डील
आकाश ने कबूल किया है कि हेरोइन की बिक्री को लेकर उसके कारिंदे पंजाब में भी फैले हैं, जो स्वयं भूना में आकर गांजा व स्मैक तथा हेरोइन लेजाकर तस्करी करते थे। मकान के मुख्य गेट पर उसी व्यक्ति की एंट्री होती थी, जो पहले से ही रिंकू के मोबाइल पर सौदा तय कर लेता था। पूरी डीप फोन पर ही होती थी। इसके अतिरिक्त भूना में भी रिंकू के कई छुटपुट नशेड़ी खरीदार थे जो चिट्टा स्मैक की पुडिय़ा खरीदने आते थे।
जींद से खरीदा गांजा व ऑनलाइन मंगवाई मशीन
नशा तस्करी के सरगना आकाश उर्फ रिंकू ने गांजा की खेप जींद से खरीदी थी। जिसमें से कुछ ग्राहकों को रास्ते में ही बेच दी थी। वहीं हेरोइन खरीदने के लिए दिल्ली के मालवीय नगर से एक नाइजीरियन से डील कर रखी थी। नोट गिनने की मशीन को आकाश ने मैकोजोल कंपनी से ऑनलाइन खरीदा था, ताकि नशा तस्करी के दौरान बड़े पैमाने पर प्राप्त होने वाली करंसी को आसानी से गिना जा सके। पुलिस ने आरोपी को जींद के गांजा तस्कर व दिल्ली के नाइजीरियन को पकड़ने की कवायद शुरू कर दी है।
पैसे कमाने के लिए अपनाया छोटा रास्ता
खेतों में दिहाड़ी मजदूरी करने वाले आकाश उर्फ रिंकू मात्र तीन वर्षों में अमीर बन गया। जब रिंकू को मेहनत करना रास नहीं आया तो वह अमीर बनने का छोटा रास्ता देखने लगा। इस हसरत को पूरा करने के लिए रिंकू ने डकैती, लूटपाट व चोरी जैसी कई वारदातों को अंजाम दिया, मगर मंजिल हासिल नहीं हुई तो उसने तीन वर्ष पहले नशे की बिक्री करने का मन बना लिया।