फतेहाबाद। शहर की एमसी कॉलोनी और भट्ठा कॉलोनी से बरसाती पानी की निकासी के लिए नगर परिषद यहां पर नाला बनवाएगी। नाले को जनस्वास्थ्य विभाग की मुख्य पाइप लाइन के साथ जोड़ा जाएगा। नगर परिषद ने इसको लेकर सोमवार को टेंडर जारी कर दिया है। करीब 25.55 लाख रुपये से नगर परिषद इस नाले का निर्माण करवाएगी।
अगर नाला कामयाब होता है तो एमसी कॉलोनी और भट्ठा कॉलोनी के करीब 450 घरों को फायदा होगा। मौजूदा हालात ये है कि मानसून के दौरान इन दोनों कॉलोनियों में पानी घरों में घुस जाता है।
18 इंची पाइप लाइन नहीं हुई कामयाब
बरसाती पानी निकासी के लिए यहां पर पहले 18 इंची पाइप डाली गई है। लेकिन पाइप लाइन कामयाब नहीं है। मानसून के दौरान पाइप लाइन में रुकावट के चलते पानी निकासी नहीं हो पाती है। अधिकारियों की माने तो इस 18 इंची पाइप लाइन को निकालकर यहां पर नाला बनाया जाएगा।
नाले पर लगाए जाएंगे ढक्कन
नगर परिषद यहां पर पाइप लाइन की जगह नाला बनाएगी। नाले के ऊपर सिमेंट के ढक्कन लगाए जाएंगे। इसे पूरी तरह से बंद किया जाएगा। इन ढक्कनों को हटाकर नाले की सफाई भी हो पाएगी।
इस मानसून में झेलनी होगी मुसीबत
नगर परिषद ने नाला बनाने का फैसला देरी से लिया है। करीब दो माह बाद मानसून शुरू हो जाएगा। जबकि नगर परिषद इस टेंडर को 25 मई के बाद खोलेगी। इसके बाद वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया शुरू होगी। एजेंसी को करीब आठ माह में काम पूरा करना होगा। यानि इस बार फिर एमसी कॉलोनी और भट्ठा कॉलोनी के लोगों को मुसीबत झेलनी होगी।
मानसून के दौरान एमसी कॉलोनी और भट्ठा कॉलोनी में जलभराव हो जाता है। लोगों के घरों में तीन से चार फुट तक पानी घुस जाता है। लोगों की सहमति से यहां पर नाला बनवाया जा रहा है। पाइप लाइन को निकलवा कर नाला बनाया जाएगा। नाले से पानी की निकासी तीन गुना हो जाएगी।
- सविता टुटेजा, उपप्रधान नगर परिषद