फतेहाबाद। शहर के 27 वार्डों में घर-घर से कचरा उठान को लेकर लगाए गए टेंडर को लेकर झटका लगने वाला है। नगर परिषद डोर टू डोर टेंडर को रद्द करने जा रहा है। टेंडर के लिए 9 एजेंसियां आई थीं लेकिन उसमें से मात्र दो एजेंसी ही शर्तें पूरी कर पाई हैं। सात एजेंसियां शर्तें पूरी नहीं कर पाईं। नियम अनुसार तीन एजेंसी ऐसी होनी चाहिए जो कि शर्तें पूरी कर पाएं। इसके चलते नगर परिषद अधिकारी टेंडर को रद कर रहे हैं।
टेंडर खोलने को लेकर टेंडर के लिए आवेदन करने वाली एजेंसियों के दस्तावेज जांच की गई। जांच के दौरान एजेंसी शर्तें पूरी नहीं कर पाई हैं। ऐसे में फिलहाल ये प्रोजेक्ट लटक जाएगा। नगर परिषद द्वारा पिछले माह टेंडर लगाया गया था। पंचायत चुनाव के चलते टेंडर को समय पर खोलने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।
प्रोजेक्ट की मंजूरी में गुजर गया एक साल
नगर परिषद डोर टू डोर कचरा उठान के प्रोजेक्ट को लेकर पिछले एक साल से प्रयास कर रहा था। इसको लेकर नगर परिषद की तरफ से 262.43 लाख का एस्टीमेट भेजा गया था लेकिन निदेशालय ने एक साल के लिए 233.27 लाख की अनुमति दी है। ये अनुमति सितंबर माह में मिली थी।
एजेंसी को डंपिंग साइट पर छोड़ना होगा कचरा :
घर-घर से कचरा लेने के बाद एजेंसी को मुख्य डंपिंग साइट पर कचरा छोड़ना होगा। संग्रह स्थल पर ही गीला व सूखा कचरा अलग-अलग करना होगा। कचरा उठान के लिए गाड़ियां भी एजेंसी की होगी। नगर परिषद के पास फिलहाल 13 गाड़ियां हैं। शहर से रोजाना 40 टन कचरा निकलता है। टेंडर का मुख्य फायदा नगर परिषद में शामिल हुईं नई कॉलोनियों को होगा। यहां पर न तो सफाई हो रही है और न ही कचरा उठान हो रहा है।
ये है शहर की स्थिति
रोजाना निकल रहा कचरा : 40 टन
शहर में वार्डो की संख्या : 27
शहर में घरों की संख्या : 27,500
नप के पास सफाई कर्मचारी : 170
कोट
डोर टू डोर टेंडर को लेकर 9 एजेंसियां आई हैं। इसमें से दो एजेंसी ही सभी शर्तें पूरी कर पाई हैं। टेंडर खोलने के लिए तीन एजेंसी ऐसी होनी चाहिए जो सभी शर्तें पूरी करती हैं।
-अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता