टोहाना। टोहाना का नागरिक अस्पताल चिकित्सकों की कमी तो झेल ही रहा था, लेकिन अब फार्मासिस्ट की कमी भी मरीजों के लिए मुसीबत का सबब बनती जा रही है। फार्मासिस्टों की कमी के चलते मरीजों को घंटों लाइन में लगकर दवाइयां लेनी पड़ रही हैं। कई बार तो ऐसे हालात हो जाते हैं कि एंबुलेंस चालक या चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को भी दवाइयां देनी पड़ रही हैं।
टोहाना नागरिक अस्पताल में कुछ समय पहले तीन फार्मासिस्ट कार्य कर रहे थे लेकिन एक फार्मासिस्ट का तबादला समैण गांव में हो गया तथा दूसरे की रिटायरमेंट हो गई। अब सिर्फ एक महिला कर्मी ही स्टोर को संभाल रही है जिसके चलते डिस्पेंसरी के लिए कोई कर्मी नहीं है। डिस्पेंसरी पर कर्मी न होने के चलते एंबुलेंस के ड्राइवर व अन्य कर्मी अनेक बार दवाई देते हुए दिखाई देते है। नागरिक अस्पताल में रोजाना 600 से अधिक मरीज अपना इलाज करवाने के लिए आते हैं। वे पहले से चिकित्सकों की कमी से परेशान रहते थे, अब फार्मासिस्ट की कमी भी मरीजों पर भारी पड़ रही है। मरीजों को दवाई लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है।
अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों को नहीं मिल रही छुट्टी
नागरिक अस्पताल में फार्मासिस्ट की कमी के चलते अनेक बार लोगों ने समस्या को उठाया लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया है। अस्पताल में स्टोर में फार्मासिस्ट एक होने के चलते डिसपेंसरी खाली हो जाती है। इसके चलते मरीजों को दवाई नहीं मिल पाती। इस कारण कर्मियों को जरूरी काम के लिए भी छुट्टी नहीं मिल पाती और वे मानसिक रूप से भी परेशान हो रहे हैं।
ये बोले मरीज
‘दवाई लेने आया था, एक घंटे से लाइन में लगकर परेशान हो चुका हूं ’
बुजुर्ग रामकिशन ने बताया कि वो दवाई लेने के लिए एक घंटे से लाईन में खड़ा है लेकिन स्टोर में एक कर्मचारी होने के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उसने मांग की है कि सरकार को कर्मचारियों की कमी को दूर करना चाहिए।
सरकार बेरोजगारों को क्यों नही देती रोजगार : मोहनलाल
बुजुर्ग मोहनलाल ने कहा कि यहां कर्मचारियों की कमी बनी हुई है और सड़कों पर बेरोजगार युवक घूम रहे हैं। यहां मरीजों को दवाई नहीं मिल रही है जिसके चलते बाहर से दवाई लेने जाना पड़ता है। ऐसे में सरकार बेरोजगार युवकों को ही रोजगार उपलब्ध करवा दे।
वर्जन
तीन फार्मासिस्ट अस्पताल में तैनात थे। इसमें से एक का तबादला हो गया जबकि दूसरा सेवानिवृत्त हो गया है। अस्पताल में रोज 600 से अधिक ओपीडी होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एसएमओ ने बताया कि समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों को लिखा गया है। जल्द समस्या का हल होने की संभावना है।
- डॉ. हरविंद्र सागु, एसएमओ टोहाना