फतेहाबाद। शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई सोमवार रात करीब 10 बजे नगर परिषद की टीम के साथ फील्ड में निकले। निरीक्षण के दौरान उन्हें शहर के कई सेकेंडरी प्वाइंट्स पर कचरे के ढेर और सड़कों पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा मिला।
यह देख बिश्नोई ने कार्रवाई के लिए नगर परिषद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सेकेंडरी प्वाइंट पर कोई भी दुकानदार या रेहड़ी वाला कचरा नहीं डालना चाहिए। इसके लिए हर प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं और निगरानी के लिए कर्मचारी तैनात किए जाएं। जो भी व्यक्ति खुले में कचरा फेंकता मिले, उसका तत्काल चालान काटा जाए।
निरीक्षण के दौरान जब डीएमसी थाना रोड पहुंचे, तो उन्होंने दुकानदार को सड़क पर कचरा फेंकते पकड़ लिया। इस पर उन्होंने उसे फटकार लगाई और मौके पर ही नगर परिषद अधिकारियों को उसका चालान काटने के निर्देश दिए। डीएमसी बिश्नोई टीम को साथ लेकर रात 11 बजे हंस कॉलोनी पहुंचे। टीम में सचिव गोविंद, सीएसआई सतपाल सैनी, सिटी टीम लीडर कुमार सौरभ, एसआई मौजूद रहे। डीएमसी ने पानी निकासी की व्यवस्था जांची और स्थानीय लोगों से सुझाव और फीडबैक लिया।
-
सुबह जांची कर्मचारियों की हाजिरी
जिला नगर आयुक्त ने मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था जांची। इसके अलावा फील्ड में तैनात कर्मचारियों का हाजिरी चेक की। डीएमसी ने इसके बाद रतिया में निरीक्षण किया।
-
नगर निकाय की तरफ से 11 सप्ताह तक हरियाणा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसको लेकर सभी नगर परिषद और नगर पालिका को निर्देश दिए गए हैं। अभियान में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी और कमेटी का गठन किया गया है जो कि निगरानी रखेगी। अभियान का शेड्यूल जारी किया जा चुका है।
- संजय बिश्रोई, जिला नगर आयुक्त, फतेहाबाद।