दिवाली पर्व पर बाजारों में काफी रौनक है। बाजारों में भीड़ देख दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। धनतेरस और छोटी दिवाली पर लोगों ने सामान की जमकर खरीदारी की। सोमवार को मुख्य दिवाली पर्व पर भी व्यापारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
धान की फसल मंडी में पहुंचने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग बाजारों का रुख कर रहे हैं, जिससे खरीदारी और बढ़ गई है। हालांकि हाल ही में हुई बारिश के बाद भूना शहर में जलभराव ने सबसे ज्यादा परेशानी खड़ी की, जिससे लोगों को नुकसान भी उठाना पड़ा। लेकिन अब त्योहार की भीड़ ने माहौल को कुछ हद तक संजीवनी दी है।
दूसरी तरफ पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाजारों में 650 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। वहीं जिले में दिवाली पर्व की तिथि को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। फतेहाबाद में ब्राह्मण सभा ने 21 अक्तूबर को दिवाली मनाने का फैसला लिया है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति है।
-
जिले में पुलिस की 40 टीमें करेंगी पैदल गश्त
पुलिस विभाग की तरफ से सुरक्षा के लिए जिले में 13 स्थायी नाके और 10 अतिरिक्त नाके सक्रिय किए गए हैं। इसके अलावा 40 से अधिक पेट्रोलिंग टीमें तैनात की गई है। जिनमें 650 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एसपी की तरफ से हर थाने की पीसीआर और राइडर यूनिट 24 घंटे के लिए अलर्ट किया गया है। पर्व को लेकर सात अंतरराज्यीय और 9 अंतर जिला सीमाओं पर प्रशिक्षित बल की तैनाती की गई है। चार स्पेशल सीआईए यूनिट्स और सभी थाना चौकियों की सक्रिय इंटेलिजेंस टीमें अलर्ट की गई हैं। पुलिस-प्रशासन ने हर थाना क्षेत्र में ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए हैं।
-
बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन : एसपी
पुलिस विभाग की तरफ से जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को एडवाइजरी जारी की गई है। निर्देश दिए गए हैं कि बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर प्लेट वाले किसी भी वाहन को पेट्रोल-डीजल या अन्य ईंधन न दिया जाए। हाल ही के कई आपराधिक मामलों में ऐसे वाहनों का उपयोग किया गया है। जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया, क्योंकि उन पर या तो नंबर प्लेट नहीं थी या फर्जी नंबर लगी थी।
आपातकाल विभाग में तैनात रहेंगे दो मेडिकल ऑफिसर
सिविल सर्जन की तरफ से दिवाली पर्व को लेकर आपातकाल विभाग में सोमवार को दो-दो मेडिकल ऑफिसर तैनात किए हैं। हालांकि आम दिनों में एक ही एमओ तैनात रहते हैं। इसके अलावा विशेषज्ञ ऑनकॉल ड्यूटी पर रहेंगे। इन्हें आपातकाल में बुलाया जा सकता है। इसके अलावा दमकल विभाग के कर्मचारियों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
दिवाली पूजन मुहूर्त का शुभ समय 20 अक्तूबर
लक्ष्मी पूजा मुहूर्त शाम : 7:08 से 8:18 बजे तक
अवधि : 1 घंटे 10 मिनट
प्रदोष काल : 5:51 से 8:30 बजे तक
वृषभ काल : 7:18 से 9:15 बजे तक
अमावस्या तिथि आरंभ : 20 अक्तूबर 3:44 दोपहर
अमावस्या खत्म : 21 अक्तूबर 5:55 शाम
दिवाली पर्व को लेकर जिले में नाकेबंदी की गई है और 650 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। लोगों से भी अपील है कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस विभाग को दें। जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों से अपील की है कि वे एडवाइजरी का गंभीरता से पालन करें।
-सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक।