डेढ़ साल से विकास कार्यों की बाट जोह रही फतेहाबाद जिले की सभी पंचायतों को केंद्रीय वित्त आयोग ने बड़ी राहत दी है। जिले की सभी पंचायतों के लिए 13 करोड़ 9 लाख की ग्रांट मंजूर की है। जिला प्रशासन के पास बाकायदा यह ग्रांट पहुंच गई है। प्रत्येक पंचायत को जनसंख्या के हिसाब से ग्रांट उपलब्ध करवाई जाएगी। जिले का सबसे बड़ा खंड होने के चलते फतेहाबाद ब्लॉक को सबसे अधिक लगभग साढ़े तीन करोड़ की ग्रांट दी जाएगी। इस ग्रांट के साथ साथ वित्त आयोग की ओर से इसे खर्च करने बारे कई प्रकार के दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इनका पालन ना करने पर संबंधित पंचायत एवं अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सबसे अधिक ग्रांट फतेहाबाद तो सबसे कम जाखल के हिस्से
जिला विकास एवं पंचायत विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विभाग को वित्त आयोग की ओर से 13 करोड़ 9 लाख 52 हजार 350 रुपये की ग्रांट आई है। आयोग के नियमानुसार इस ग्रांट को गांव की जनसंख्या के अनुसार बांटा जाना है। ऐसे में फतेहाबाद ब्लॉक की 67 पंचायतों के लिए सरकार ने तीन करोड़ 48 लाख 26 हजार की ग्रांट मंजूर की है। इसके बाद रतिया ब्लॉक को दो करोड़ 66 लाख, टोहाना को दो करोड़ 25 लाख, भट्टू को एक करोड़ 84 लाख, भूना के लिए एक करोड़ 79 लाख और जाखल को सबसे कम एक करोड़ पांच लाख की ग्रांट मंजूर की गई है।
प्रोजेक्ट बनाकर लेनी होगी मंजूरी
जिला ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों की मानें तो पंचायतों को जल्द ही सारी ग्रांट उपलब्ध करवा दी जाएगी लेकिन पंचायतों को कोई भी विकास कार्य करवाने से पहले उसका बाकायदा लिखित प्रोजेक्ट रिपोर्ट सबमिट करनी पड़ेगी। विभाग से मंजूरी के बाद ही पंचायत उस ग्रांट को खर्च कर सकेगी। इस ग्रांट को कुछ विशेष मद में ही खर्च किया जा सकता है। मसलन गांव की पंचायत केंद्रीय वित्त आयोग से मिली ग्रांट को पेयजल, सीवरेज, जलनिकासी, कचरा प्रबंधन प्लांट आदि पर ही खर्च किया जा सकेगा।
डी-प्लान के तहत भी आए सात करोड़
डी-प्लान के तहत भी जिला प्रशासन के पास सात करोड़ की ग्रांट पहुंच गई है। जिला प्रशासन इस ग्रांट से गांवों में रुके हुए विकास कार्यों को रफ्तार देने के प्रयास शुरू करेगा। गांवों में पंचायतें भंग होने के बाद से विकास कार्य ग्रांट के इंतजार में ठप थे। हालांकि, अभी भी जिले भर की पंचायतें प्रदेश सरकार से मिलने वाली ग्रांट का इंतजार कर रही हैं। इसमें उन गांवों की पंचायतें भी शामिल हैं, जिन्होंने सरपंच और पूरी पंचायत सर्वसम्मति से चुनी गई थीं।
ब्लॉक पंचायतें ग्रांट
फतेहाबाद 67 3.48 करोड़
रतिया 65 2.66 करोड़
टोहाना 49 2.25 करोड़
भट्टू 24 1.84 करोड़
भूना 29 1.79 करोड़
जाखल 24 1.05 करोड़
कुल 6 258 13.09 करोड़
केंद्रीय वित्त आयोग से गांवों के विकास के लिए 13 करोड़ 9 लाख 52 हजार 350 रुपये की ग्रांट आई है। इस ग्रांट को गांवों की जनसंख्या के हिसाब से उनके संबंधित खंडों में दिया गया है। जल्द ही इस ग्रांट से गांवों में विकास कार्य शुरू होंगे। लेकिन इन गांवों की पंचायतों को इस ग्रांट को खर्च करने से पहले इससे संबंधित सभी नियमों को पूरा करना आवश्यक है।
राजेश खोथ, जिला ग्रामीण विकास एवं पंचायत अधिकारी, फतेहाबाद