फतेहाबाद में स्कूल से जाते हुए विद्यार्थीस्त्रोत स्कूल
फतेहाबाद। शीतकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद सोमवार से जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल फिर से खुल गए। करीब 18 दिन के लंबे अंतराल के बाद विद्यालयों में रौनक लौटी और बच्चों की चहल-पहल देखने को मिली। हालांकि ठंड का असर बने रहने के कारण पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति लगभग 60 प्रतिशत ही दर्ज की गई। कई अभिभावकों ने मौसम को देखते हुए बच्चों को घर पर ही रखा।
शिक्षा विभाग ने पहले 1 से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया था, लेकिन ठंड बढ़ने पर छुट्टियां 18 जनवरी तक बढ़ा दी गई थीं। रविवार को अवकाश समाप्त होने के बाद सोमवार से नियमित कक्षाएं शुरू हो गईं। स्कूल खुलते ही शिक्षक और अन्य स्टाफ समय पर विद्यालय पहुंचे तथा कक्षाओं का संचालन किया गया।
शिक्षकों का कहना है कि अवकाश के चलते पाठ्यक्रम कुछ हद तक प्रभावित हुआ है। इसकी भरपाई के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने की योजना बनाई गई है। खासतौर पर बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों पर अधिक ध्यान केंद्रित किया जाएगा, ताकि परीक्षा की तैयारी समय पर पूरी हो सके। जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई का कहना है कि शीतकालीन अवकाश के बाद जिले के सभी स्कूल खुल गए हैं। विभाग के निर्देशानुसार कक्षाएं लगाई जा रही हैं। सुबह की गतिविधियों को सीमित रखा गया है।