रतिया में बिना अनुमति बनाई गई दुकानों को गिराते हुए जिला नगर योजनाकार की टीम।
तिया। जिला नगर योजनाकार की टीम ने बुढलाडा रोड और शहनाल रोड पर बिना मंजूरी लिए बनाई गई दुकानों और चहारदीवारी को जेसीबी की सहायता से गिरा दिया। इस दौरान जिला नगर योजनाकार के अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट संदीप भारद्वाज, सहायक नगर योजनाकार रमन कुमार, कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार, सर्वेश साहू, फील्ड इन्वेस्टिगेटर पुष्पा रानी, सुरेश कुमार, नीरज, कर्मवीर व भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
जानकारी के अनुसार जिला नगर योजनाकार विभाग को पिछले काफी समय से सूचना मिल रही थी कि रतिया में लोगों द्वारा विभाग की बिना मंजूरी के अवैध कॉलोनियों व दुकानें और चहारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है। जिस पर जिला नगर योजनाकार द्वारा छह लोगों को विभिन्न धाराओं के तहत नोटिस भी जारी किए गए थे। मगर उक्त लोगों द्वारा नोटिस का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद बुधवार को जिला नगर योजनाकार की टीम ने बुढलाड़ा रोड और शहनाल रोड पर विभाग की बिना अनुमति से बनाई गई दो दुकानों और चहारदीवारी को गिरा दिया। पूरे कार्य की वीडियोग्राफी भी करवाई गई।